मोहाली। बलौंगी पुलिस ने एक बाइक सवार के साथ मारपीट कर उससे नकदी लूटने वाले चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने विजय कुमार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों में राजीव कुमार उर्फ बिल्ला निवासी बलौंगी, अमन सिंह उर्फ अमना, संजू और चन्नी के खिलाफ स्नैचिंग, घेरकर पीटने, लूटपाट करने की धाराओं में केस दर्ज किया था। आरोपियों ने विजय कुमार से उसका पर्स और बाइक लूट ली थी। जांच अधिकारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 27 जनवरी को आरोपी राजीव कुमार उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर उससे लूटी गई बाइक बरामद की थी। बिल्ला से पूछताछ के बाद 29 जनवरी को दूसरे आरोपी अमन सिंह उर्फ अमना को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उससे विजय का पर्स और डेबिट कार्ड बरामद किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और यहां से अदालत ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों से उनके फरार साथियों की पूछताछ की जा रही है।
विजय कुमार ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी बाइक पर काम से घर लौट रहा था। रास्ते में उसे उक्त चारों आरोपियों ने घेरकर पहले डंडे से पीटा और फिर उसकी बाइक और पर्स छीनकर ले गए, पर्स में उसका डेबिट कार्ड भी था। आरोपियों ने विजय कुमार को धमकी देकर उसका पिन पूछा और खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए थे।