मोहाली। वायस ऑफ इंडिया संस्था की ओर से 26 जनवरी को शहर में सीएए और एनआरसी के समर्थन में एक रैली निकाली जाएगी। संस्था के जिला मोहाली के कन्वीनर विशाल गर्ग ने बताया कि फेज-8 स्थित दशहरा मैदान से 26 जनवरी को दोपहर 12 बजे पैदल यात्रा शुरू होगी। जो कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होती हुई फेज-5 स्थित डीसी मोहाली के रिहायश में आकर संपन्न होगी। यहां पर पहुंचकर संस्था की ओर से डीसी मोहाली को समर्थन और धन्यवाद पत्र सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इससे पहले जिले के कस्बे खरड़, लालडूू, डेराबस्सी और जीरकपुर में भी लोगों को इस कानून संबंधी जागरूक करने के लिए नुक्कड़ बैठकें और तिरंगा यात्राएं भी निकाली गई हैं। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को सीएए और एनआरसी संबंधी जानकारी दी जा सकेे। गर्ग ने बताया की नागरिकता संशोधन अधिनियम पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक रूप से प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता देने का कानून है जो भारत सरकार का अति जरूरी और ऐतिहासिक फैसला है। मोहाली जिले में भी इस कानून के समर्थन में लोगों में भारी उत्साह है। इसी उत्साह को देखते हुए 26 जनवरी को मोहाली जिले में एक विशाल समर्थन रैली निकाली जा रही है। उनको उम्मीद है कि इस यात्रा में करीब 5 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे और संस्था द्वारा मोहाली जिले के सभी निवासियों को परिवार सहित इस शांतिपूर्ण यात्रा में हिस्सा लेकर इस कानून को भरपूर समर्थन देने की अपील भी कर रही है।