मोहाली। आखिर कई साल के बाद फेज-3बी1 को नया सामुदायिक केंद्र नसीब होने का रास्ता साफ हो गया है। मैरिज पैलेस की तर्ज पर बनने वाले सामुदायिक केंद्र के काम की शुरूआत मंगलवार को मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने की। पहले चरण में पुराने खंडहर हो चुके सामुदायिक केंद्र को ध्वस्त किया जाएगा। उसके बाद इसका नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। यह मैरिज पैलेस की तर्ज पर बनेगा, इसमें लोगों को अति आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल और डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी विशेष रूप से उपस्थित थे।
निगम से मिली जानकारी के मुताबिक 6 करोड़ रुपये की लागत से नया सामुदायिक केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसमें एक बेसमेंट, दो हॉल रूम और कुछ और कमरे भी होंगे और सामुदायिक केंद्र पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। ऊपरी मंजिल पर लिफ्ट और विकलांगों के लिए रैंप भी होगा। मेयर जीती सिद्धू ने कहा कि इस आधुनिक सामुदायिक केंद्र का शहर के स्वरूप पर भी काफी प्रभाव पड़ेगा और जबकि यह शहर के बीचोबीच स्थित है। इसलिए इसका उपयोग और सुविधा पूरे शहर को मिलेगी। इस मौके पर पार्षद जसप्रीत सिंह, एसई संजय कंवर, पूर्व पार्षद तरनजीत कौर, राम सरूप जोशी, संदीप सिंह कानूनगो, जगरूप सिंह, हरिंदर सिंह अटवाल, कर्नल एएस मावी, मास्टर मदन सिंह और फेज 3बी1 और 2 के लोग मौजूद थे। बता दें कि 2006 में मोहाली जिला बना था। उस समय जिले में सरकारी इमारतें नहीं थीं। इसलिए सामुदायिक केंद्रों और अन्य भवनों में सरकारी दफ्तर शुरू किए गए थे। उक्त जगह से जिला अदालत शुरू की गई थी, हालांकि अब अदालत नए परिसर में शिफ्ट हो गई है।