मोहाली। शहर में डेंगू का डंक गहराता ही जा रहा है। वीरवार को डेंगू संदिग्ध एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 85 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 2361 पर पहुंच गया है। जो जिला प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। डीसी ईशा कालिया इस पूरी स्थिति को खुद देख रही हैं। उन्होंने दावा किया है कि सेहत विभाग की टीमें पूरी रणनीति के साथ जुटी हुई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही डेंगू के बढ़ते मरीजों की संख्या कम करके इसे पूरी तरह से खत्म कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक जिले में डेंगू का कहर शहरी और ग्रामीण एरिया में सब जगह दिख रहा है। हालात यह हैं कि शहरी एरिया में भी डेंगू प्रजनन के हाई रिस्क एरिया सामने आए हैं। जिसके बाद प्रशासन पूरी स्थिति को गंभीरता से ले रहा है। जागरूकता मुहिम पर जोर दिया जा रहा है, जिससे लोग बीमारी की गंभीरता को समझें। वीरवार को संक्रमित हुए मरीजों में से 10 केस बाहरी जिलों के हैं। इसके साथ ही मृतकों की संख्या 30 पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक डेंगू से निपटने के लिए सिविल अस्पताल में अब 80 बेड का स्पेशल डेंगू वार्ड बनाया गया है। सरकारी अस्पतालों में डेंगू का इलाज मुफ्त होता है। वहीं, सेहत विभाग की ओर से मरीजों को सलाह दी जा रही है कि डेंगू संक्रमित होने पर अधिक से अधिक तरल पदार्थ पीएं। साथ ही किसी भी तरह की मेडिकल सहायता के लिए सरकार के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-104 पर कॉल करें।