मोहाली। साडे टीचरां दी मेहरबानी, के शिखरां ते चढ़े होए हां... मार जिंदगी च नी खांदे, शिवालिक तों पढ़े होए आं... यह गाना फेज-6 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल ने एल्युमिनाई मीट में पहुंचे सभी पूर्व छात्रों ने गर्मजोशी के साथ गाया। कार्यक्रम में 300 से अधिक पूर्व छात्रों ने भाग लिया। सभी अपने पुराने साथियों से मिले और स्कूल का यादें साझा की। इस दौरान कई पुरानी बातों को याद कर आंखें भर आईं और शरारत के किस्सों ने ठहाके लगवाए।
स्कूल की ओर सभी का गर्मजोशी से फूलों की वर्षा कर स्वागत हुआ। स्कूल सभागार में आकर्षक गतिविधियों की एक शृंखला शुरू हुई, जिसमें विद्यार्थियों और स्टाफ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा एक इंटरेक्टिव सत्र हुआ, संबंधित बैचों का सम्मान किया गया। इस मौके पर बहुप्रतीक्षित स्मारिका का विमोचन निदेशक एसडीएस बेदी और सतवंत कौर बेदी ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ किया, जो स्कूल के 53 गौरवशाली वर्षों के उत्सव को दर्शाती है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज स्कूल के विद्यार्थी देश-दुनिया में हर क्षेत्र में काम कर रहे है, जो परिवार के साथ स्कूल का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं में प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थी और पूर्व विधायक राणा गुरजीत सिंह, उद्योगपति देविंदर सिंह, अवला ब्रदर्स, जसबीर सिंह गिल (पूर्व सांसद), हरबक्स सिंह ढिल्लों (आईजी, बीएसएफ), हरि सिंह ग्रेवाल (अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश, पटियाला), हरमनबीर सिंह गिल (आईपीएस), एस दीपिंदर सिंह नलवा (बोर्ड सदस्य, पूर्व छात्र), दर्शन सिंह, अमन सिंह आदि शामिल थी।