मोहाली। कजौली वॉटर वर्क्स चंडीगढ़ की फेज-3 में मेन लाइन में हो रही लीकेज के कारण शहर के विभिन्न फेजों और सेक्टरों के लोगों को आज पूरे दिन पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। इस मेन लाइन की मरम्मत का काम शाम तक चलेगा। ऐसे में शहर में सुबह लो-प्रेशर से पानी की सप्लाई होगी। दोपहर में पानी की सप्लाई बंद रहेगी। शाम को पानी की सप्लाई उपलब्धता पर निर्भर करेगी। जल सप्लाई विभाग के कार्यकारी इंजीनियर सुनील कुमार ने लोगोें से सहयोग की अपील की है।
चंडीगढ़ को जाने वाली फेज-3 की पाइप लाइन में गांव मड़ौली के पास लीकेज हो रही है। विभाग ने लाइन की मरम्मत करने का फैसला लिया है। लाइन का साइज करीब चार फुट है। जिसमें रोजाना हजारों लीटर पानी मोहाली और चंडीगढ़ को सप्लाई होता है। ऐसे में विभाग इस मामले में कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता है। जिसके चलते लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। लाइन को खाली करने की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि फेज-3 की लाइन सुबह तक पूरी तरह खाली हो जाएगी। इसके बाद लाइन की मरम्मत शुरू की जाएगी। वॉटर सप्लाई के अधिकारियों के मानें तो कजौली से चार पाइप लाइनों से सप्लाई होती है। ऐसे में दो लाइनों की सप्लाई चलती रहेगी। वॉटर सप्लाई विभाग ने मुसीबत के समय में लोगों से सहयोग देने की अपील की है। मेन लाइन की मरम्मत के कारण सेक्टर-70, 71, गांव मटौर, शाही माजरा, फेज-1 से लेकर 9, 10, 11 और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 से 5 तक की सप्लाई प्रभावित होगी।