खरड़। स्थानीय गुरु तेग बहादुर नगर में अज्ञात चोरों ने एक तालाबंद फ्लैट को निशाना बना कर सोने व चांदी के गहनों व कीमती कपड़ों समेत मां लक्ष्मी की मूर्ति भी चोरी कर ली। घर की मालकिन गायत्री देवी ने बताया कि वह चंडीगढ़ के एक स्कूल में अध्यापिका है जबकि उसका पति पंचकूला में एक आटो मोबाइल कंपनी में काम करता है। उसने बताया कि शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने पति व दोनों बच्चों के साथ अपने मायके गांव खानपुर चली गई थी। सोमवार को जव उनके पति ने ताला खोलकर घर के अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने जब सामान की जांच की तो एक अल्मारी में रखा सोने का हार, चेन, अंगुठियां, बालियां, चांदी के गहने, घड़िया, कीमती कपड़े तथा मंदिर में रखी मां लक्ष्मी की चांदी की मूर्ति व चांदी के सिक्के गायब थे। उसने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर फ्लैट की छत पर लगे हुए लोहे के दरवाजे को तोड़कर घर में दाखिल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।