मोहाली। फेज-5 की मार्केट में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत को समर्पित विश्वास फाउंडेशन, रेडक्रॉस सोसायटी की जिला इकाई समेत कई संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया। इस दौरान 40 लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा की। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर का उद्घाटन रेडक्रॉस सोसायटी जिला इकाई के सचिव कमलेश कुमार कौशल और मार्केट एसोसिएशन फेज-5 के प्रेसिडेंट राजपाल सिंह ने किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी ने पूरे विश्व को प्रभावित किया है। इस महामारी से हमारा देश और प्रदेश भी अछूता नहीं रहा है। ऐसे समय में लोगों की जान बचाने के लिए हमें रक्त की काफी जरूरत पड़ रही है। रक्तदान करने से हमारे शरीर में किसी भी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं होता है, बल्कि नए रक्त का संचार होने से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है। हर व्यक्ति को साल में चार बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। कौशल ने बताया कि आज पूरे देश के हर जिले में रक्तदान की मुहिम के तहत रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें 90000 यूनिट ब्लड डोनेट का लक्ष्य रखा गया। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का भी नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन का प्रयास होगा। जिले में 50 से 60 यूनिट ब्लड डोनेट करने का लक्ष्य रखा है।