आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
मेरठ में कोराना के 119 नए मरीज मिले, दो की मौत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा है। मेरठ में आज 119 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं दो लोगों की मौत हुई है। मुजफ्फरनगर में 75 को संक्रमण की पुष्टि हुई। शामली में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि आज 31 नये कोरोना पोजिटिव की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अलावा 09 व्यक्ति को डिस्चार्ज किया गया है।इस प्रकार जनपद में कुल एक्टिवेट केस की संख्या 138 हो गई है।
शामली : भाजपा नेता पर फायरिंग, गोली लगने से साथी घायल, पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप
शामली के कांधला थानाक्षेत्र के गांव एलम निवासी भाजपा नेता अश्वनी कुमार की कार पर मंगलवार रात को फायरिंग की गई, जिसमें कार सवार उनका साथी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। भाजपा नेता ने एसपी सुकीर्ति माधव को पत्र देकर एसओजी में तैनात पुलिसकर्मियों पर विपक्षियों से मिलकर हत्या करने की कोशिश का आरोप लगाया है। एसपी ने इस प्रकरण की जांच एएसपी ओमप्रकाश सिंह को सौंपी है।
मेरठ में कोरोना : अधिक प्रभावित कुछ क्षेत्रों में लगाया जा सकता है रात्रि कर्फ्यू
कोरोना संक्रमण को देखते हुए उन क्षेत्रों में रात्रि कर्फ्यू लगाया जा सकता है, जहां संक्रमण बहुत ज़्यादा और तेज़ी से फैल रहा है। इस सम्बंध में गुरुवार को पुलिस और प्रशानिक अधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें आगे क्या प्रक्रिया अपनाई जाए, इस पर निर्णय लेना है।
शुभम आज अस्पताल में होगा भर्ती, किडनी प्रत्यारोपण कल
धन की कमी के कारण किडनी प्रत्यारोपण कराने में असमर्थ युवा शुभम ग्रोवर को अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया। सामाजिक मदद के चलते शुभम को इलाज के लिए पर्याप्त राशि मिली तो अब वो दिन भी आ गया जब शुभम की किडनी प्रत्यारोपित होगी। बृहस्पतिवार को शुभम अस्पताल में भर्ती होगा और शुक्रवार को किडनी प्रत्यारोपित होगी। बुधवार को शुभम और उनकी मां की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। मां, बेटे की रिपोर्ट निगेटिव देखकर सभी ने राहत की सांस ली। बृहस्पतिवार को शुभम और मां दोपहर 12 बजे न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती होंगे। शुक्रवार 9 अप्रैल की शाम को शुभम का ऑपरेशन होगा। शुभम को उनकी मां की किडनी प्रत्यारोपित होगी। ऑपरेशन के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। अब शुभम को उनकी मां की किडनी प्रत्यारोपित हो सकती है।
टेंट कारोबारी ने तीन दिन पहले ही खरीद लिया था सल्फास
मेरठ में टेंट कारोबारी संदीप तीन दिन पहले ही सल्फास खरीद चुके थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि परिवार के लोग मौत को चुनने का प्लान बना रहे थे। दो रात से दंपती और उसका बेटा ठीक से सोए भी नहीं थे। वह बार-बार कर्ज का हिसाब लगाते थे और फिर मौत को गले लगाने की बात करते थे। तीनों की सहमति के बाद ही एक साथ तीनों ने जहरीला पदार्थ खाया। पुलिस के मुताबिक संदीप का परिवार कई साल से आर्थिक संकट से जूझ रहा था। पहले गोदाम में भीषण आग और फिर कोरोना संक्रमण से लॉकडाउन के हालात ने कारोबार को बड़ा नुकसान पहुंचाया। इस तनाव से परिवार उबर नहीं पाया और यह घटना हो गई। संदीप आनंद का पीवीएस मॉल के चाणक्यपुरी में आनंद टेंट के नाम से कारोबार था।
राकेश टिकैत बोले : किसानों के धरने को शाहीनबाग न समझे सरकार, कोरोना के गाइडलाइन के साथ जारी रहेगा धरना
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सरदार भगतसिंह के भतीजे किरनजीत सिंह संधू की बेटी की शादी पर आशीर्वाद देने पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार किसानों के धरने को शाहीनबाग का धरना न समझे, किसान कोरोना की गाइडलाईन के बीच धरना जारी रखेंगे।
बिजनौर : सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बुधवार को स्योहारा के एक ही परिवार के तीन युवकों की गजरौला-धनौरा के बीच हुई सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई। मौत की खबर आने पर परिवार में कोहराम मच गया।तीनों युवक धनौरा में एक शादी में शामिल होकर गजरौला में वलीमे में शामिल होने बाइक जा रहे थे।
बूंदाबांदी के बाद गरमी से परेशानी
पूर्वानुमान के चलते मंगलवार रात व बुधवार की सुबह बूंदाबांदी हुई। इसके बाद भी तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा। बुधवार को दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मंगलवार देर रात व बुधवार सुबह बूंदाबांदी हुई। सुबह बादल छाए रहे, लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई।
बौर से लदे आम के पेड़, मौसम न बन जाए खतरा
बौर से लदे आम के बागों को देखकर इस बार बंपर फसल की उम्मीद है। इस बीच मौसम के बदलते मिजाज ने बागवानों और ठेकेदारों की चिंता बढ़ा दी है। तापमान में उतार-चढ़ाव से आम की फसल में बीमारियां पनपने का अंदेशा है। इसके मद्देनजर कृषि वैज्ञानिकों की टीम बागों में पहुंचकर बागवानों को जागरूक कर रही हैं। जनपद में लगभग 20 हजार हेक्टेयर में आम के बागान हैं। माछरा और जानी ब्लॉक फल पट्टी क्षेत्र के रूप में संरक्षित है। यहां से नेपाल, बांग्लादेश, भूटान समेत अन्य देशों में आम का निर्यात किया जाता है। इस बार बौर से फल बनने लगे हैं।
... Read More