आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
मेरठ में कोरोना के 58 नये मरीज मिले
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोना की तेज रफ्तार जारी है। शनिवार को 5254 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें 58 मरीज मिले हैं। इन मरीजों में से 40 मरीज नए केस हैं और 18 पुराने मरीजों के संपर्क वाले हैं। इनमें एक से लेकर चार साल तक के बच्चे, 18 घरेलू महिलाएं, स्टूडेंट्स, नौकरीपेशा, शिक्षक और कारोबारी शामिल हैं।
बाबू जी धीरे चलना... बड़े खतरे हैं इस एक्सप्रेसवे पर
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहन फर्राटा भरने लगे हैं। एनएचएआई ने एक्सप्रेसवे पर भले ही 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने की अनुमति दी है लेकिन चालक वाहनों को इससे भी तेज दौड़ा रहे हैं। ये गति चालकों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। दरअसल, परतापुर के बाद मोदीनगर और मुरादनगर गंगनहर क्षेत्र तक खेती और जंगल का इलाका है। नीलगायों का झुंड खेतों में घूमता रहता है। कई बार ये झुड़ एक्सप्रेसवे पर भी आ जाता है, क्योंकि यहां पर एक्सप्रेसवे की ऊंचाई कम है। यही नहीं, कई जगह आरईवाल भी पूरी नहीं बनी हैं।
लाइसेंसधारी अपराधियों को बेच रहे कारतूस
शस्त्र लाइसेंसधारी अपराधियों को धड़ल्ले से कारतूस बचे रहे हैं। वे चार गुना कीमत पर डीलिंग कर रहे हैं। पंचायत चुनाव में शस्त्र लाइसेंस थानों में जमा कराने के दौरान इसकी पोल खुली है। इस मामले में एक शस्त्र लाइसेंसधारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पंचायत चुनाव में खूनखराबा होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने जिले में शस्त्र लाइसेंसों को जमा करने की प्रक्रिया शुरू की है। लाइसेंसधारकों से पूछा जा रहा है कि उन्होंने कितने कारतूस लिए और कितने इस्तेमाल किए। आईजी रेंज के निर्देश पर मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद और बागपत में जांच कराई गई। इसमें पता चला कि अपराधियों को भी कारतूस बेचे जा रहे हैं।
मेरठ में ईओसी सेंटर शुरू, 24 घंटे में कभी भी करें शिकायत
पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की शुरुआत कर दी गई है। डीएम के. बालाजी ने बताया कि कलक्ट्रेट में बनाए गए इस ईओसी सेंटर का नंबर 0121-2664134 है। इस पर आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के नोड़ल अधिकारी एसीएम सिविल लाइन चन्द्रेश कुमार सिंह, जिनका मोबाइल नंबर-9454416689 को नामित किया गया है।
भैसाली बस अड्डे पर पकड़ा साढ़े तीन लाख का डुप्लीकेट सामान
ब्रांड प्रोटेक्टर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (गुरुग्राम) और सदर बाजार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत ऐसे दो लोगों को गिरफ्तार किया है जो ब्रांडेड स्पोर्ट्स कंपनी के डुप्लीकेट सामान बनाकर देश के अलावा बांग्लादेश तक सप्लाई करते आ रहे थे। करीब 3.5 लाख रुपये कीमत का माल उनके पास से बरामद किया गया। आरोपी इसे रोडवेज बस अड्डे पर छोड़ने आए थे। ब्रांड प्रोटेक्टर्स के निदेशक धीरेंद्र सिंह शनिवार को सदर बाजार थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर विजेंद्र राणा से मिले। उन्होंने बताया कि भैसाली डिपो पर कुछ लोग डुप्लीकेट स्पोर्ट्स सामान की डिलीवरी देने आने वाले हैं। पुलिस के साथ टीम ने बस अड्डे की घेराबंदी की। जैसे ही दो संदिग्ध माल से भरा कार्टन लेकर पहुंचे उन्हें दबोच लिया गया। उनके पास से एसएस कंपनी के 185 एल्बो व थाईपैड के अलावा करीब 180 एसजी कंपनी के बैटिंग ग्लव्स बरामद हुए।
मुख्य परीक्षा के साथ भरे गए बैक फॉर्म होंगे मान्य
सीसीएसयू में संस्थागत व व्यक्तिगत की मुख्य परीक्षाएं 10 अप्रैल से होनी है। परीक्षाओं के लिए 25 मार्च तक फॉर्म भरे गए इनके साथ ही छात्र-छात्राओं को बैक फॉर्म भरने का भी विकल्प दिया गया था। विवि प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मुख्य परीक्षाओं के साथ भरे गए बैक परीक्षा के फॉर्म मान्य होंगे। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया गया है। कंपनी ने गलती से बैक परीक्षा के फॉर्म ऑनलाइन खोल दिए। इससे 400 से 500 छात्रों ने बैक परीक्षा का फॉर्म भर दिया है। विवि ने तय किया है कि जिन छात्रों ने बैक के फार्म अभी भर दिए हैं वो मान्य होंगे।
मेरठ के लिए बड़ी राहत: कल से चलेंगी शटल और टू-डीएस पैसेंजर, जानें क्या हुआ बदलाव
मेरठ में सोमवार से दैनिक यात्रियों के लिए ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। शटल का संचालन मेरठ कैंट स्टेशन से किया जाएगा। टू-डीएस जो सहारनपुर से चलकर वाया मेरठ-दिल्ली तक जाएगी। शटल कैंट स्टेशन से सुबह 6.45 और टू-डीएस सिटी स्टेशन पर 7.28 बजे पहुंचेगी। इसको लेकर दैनिक यात्री काफी उत्साहित हैं। एक वर्ष बाद उनका सफर आसान होने जा रहा है।
शामली में ढाई फीट के अजीम अंसारी का एसएलआर के साथ फोटो वायरल
शामली के कैराना में निकाह की गुहार लगाने वाले छोटे कद के अजीम मंसूरी का एसएलआर के साथ फोटो वायरल हो रहा है। कैराना नगर के मोहल्ला जोड़वा कुआं निवासी अजीम मंसूरी का शनिवार को सोशल मीडिया पर एसएलआर लिए फोटो वायरल हो गया। अजीम के चाचा निसार मंसूरी ने बताया कि 2013 में बाजार में एक शोभायात्रा निकल रही थी। उसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी व पीएसी के जवान बाजार में गश्त कर रहे थे। उनके मकान के नीचे चाय की दुकान पर पीएसी के कुछ जवान चाय पी रहे थे। तभी पीएसी के एक जवान ने अजीम का छोटा कद देखकर प्यार में उसे अपनी रायफल पकड़ा दी थी और मोबाइल से उसका फोटो खींच लिया था। फोटो खींचने के बाद जवान ने रायफल वापस ले ली थी। फोटो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने अजीम से पूछताछ की।
सात और आठ अप्रैल को बूंदाबांदी की संभावना
उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण अप्रैल में रात का तापमान गिरता हुआ सामान्य से पांच डिग्री नीचे 12 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रात में मौसम में नमी बढ़ने के कारण मौसम ठंडा हो रहा है। अभी दिन का तापमान और चढे़गा। 7-8 अप्रैल को मेरठ में हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। वेस्ट यूपी में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कई दिन से चल रही उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण ज्यादा तापमान नहीं बढ़ा है। इसका असर रात के तापमान में भी दिखाई दिया। दिन में मौसम जहां गर्म है तो रात में अभी भी सर्द बना हुआ है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एन सुभाष का कहना है कि हवा में नमी के चलते रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। आने वाले तीन दिन में तापमान बढ़ेगा।
... Read More