आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
राकेश टिकैत पर हमले के विरोध में आक्रोश, गाजीपुर बॉर्डर पर होगी भाकियू की महापंचायत
राकेश टिकैत पर अलवर में हुए हमले के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने चार अप्रैल, रविवार को गाजीपुर बॉर्डर महापंचायत करने का एलान किया है। शुक्रवार रात्रि 10:30 बजे अचानक सिसौली स्थित अपने आवास पर चौधरी नरेश टिकैत ने किसानों की पंचायत बुलाई। नरेश टिकैत ने कहा कि यह हमला भाजपा ने कराया है, जो सरकार की सोची समझी साजिश है। उन्होंने कहा कि ऐसा कर सरकार किसानों से बातचीत के सभी रास्ते बंद कर रही है। भाकियू अध्यक्ष ने किसानों से 4 अप्रैल को गाजीपुर पहुंचने का आह्वान किया है।
मेरठ में एक दिन में कोरोना के 75 नये मरीज मिले
कोरोना के मरीज मिलने की रफ्तार बढ़ने लगी है। शुक्रवार को 6219 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें 75 मरीज मिले हैं। नये साल में अब तक एक दिन में सबसे अधिक मरीज मिले हैं। बृहस्पतिवार को 64 मरीज मिले थे। संक्रमण फैलने का खतरा इसलिए भी मंडरा रहा है कि इन मरीजों में से नए केस ज्यादा मिल रहे हैं, जबकि संपर्क वाले कम हैं। वहीं बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लगातार दूसरी बार नौचंदी मेला भी रद्द कर दिया गया है।
पुलिस की वर्दी पहनकर लूटने वाला गिरोह पकड़ा
मेरठ में पुलिस की वर्दी पहनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। शुक्रवार को परतापुर पुलिस ने इसका पर्दाफाश कर दिया है। बदमाश खुद को कभी वाणिज्य कर तो कभी पुलिस अधिकारियों द्वारा भेजने की बात कहकर वाहनों की चेकिंग करते थे। इसके बाद लोगों से लूटपाट की जाती थी। पुलिस ने तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। परतापुर पुलिस को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लूटपाट और ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। कुछ पीड़ितों ने बताया कि पुलिस की वर्दी में बोलेरो में सवार चार लोग आते है। वाहन चेकिंग के नाम पर रोकते हैं। फिर पैसे मांगते हैं और न देने पर लूटपाट करते हैं। बृहस्पतिवार रात जैसे ही बोलेरो आकर खड़ी हुई और आरोपियों ने वाहनों को रोकना शुरू किया, तभी पुलिस ने दबोच लिया।
नकली आयुर्वेदिक दवाओं का जखीरा पकड़ा, तीन गिरफ्तार
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में बिजली बंबा चौकी क्षेत्र में चल रही नकली आयुर्वेदिक दवा फैक्टरी का पुलिस ने बृहस्पतिवार रात भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक्सपायर दवा सहित नकली दवा का जखीरा बरामद करने का दावा किया है। यह कार्रवाई पुलिस, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि सतर्कता विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों गिरफ्तार करते हुए लाखों की कीमत की दवा व कॉस्मेटिक सामान भी बरामद किया है। सीओ किठौर बृजेश कुमार सिंह के अनुसार, बिजली बंबा चौकी क्षेत्र के लोहिया नगर में बुद्धा एंक्लेव स्थित एक मकान में काफी समय से एबीएफ एक्टिव फार्मेसी के नाम से नकली दवा बनाने की एक फर्म चल रही थी।
सुसाइड नोट में उलझा छात्रा की मौत का राज
मेरठ के सरधना क्षेत्र में दसवीं की छात्रा की मौत की कहानी सुसाइड नोट में है। छात्रा चिल्लाती रही और दरिंदे हैवानियत करते रहे। यह दर्द सुसाइड नोट में छात्रा ने बयां किया। सुसाइड नोट का मिलान फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट के बाद होगा। इसके बाद ही घटना और मौत का पूरा राज सामने आएगा। पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिवार के शिकायती पत्र पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं, छात्रा के पास से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस का दावा है कि छात्रा की आरोपी लखन से दोस्ती थी। छात्रा और लखन एक साथ ट्यूशन जाते थे। यह बात अन्य छात्रों ने भी पुलिस को बताई।
प्रधान पद के प्रत्याशी के अपहरण का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा
मुजफ्फरनगर में फुगाना थाना क्षेत्र के गांव सरनावली में स्थित शिव मंदिर के महंत हरिगिरि इस बार प्रधान पद के प्रत्याशी है। उन्होंने पर्चा भी खरीद कर लिया है। शुक्रवार रात के समय महंत हरिगिरी लापता हो गए। शनिवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई महिलाओं को घटना की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलते ही सरनावली गांव के सैकड़ों ग्रामीण मंदिर में पहुंच गए। सूचना पर फुगाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सरनावली गांव के ग्रामीणों ने मंदिर में जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने महंत के अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
सहारनपुर में नमकीन की फैक्टरी में लगी आग
सहारनपुर शहर में बेहट अड्डे के पास महाराजा गार्डन कॉलोनी में आबादी के बीच चल रही नमकीन की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी मकान के बेसमेंट में चल रही थी। आग लगने के कारण आसपास रहने वालों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। उधर, बड़गांव में छप्पर में आग लगने के कारण पूरे घर में आग फैल गई। हादसे में तीन ट्रैक्टर, कार, साईकिल और आटा चक्की सहित अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। सूचना देने पर भी पुलिस नहीं पहुंची और ना ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने खेतों में कीटनाशक छिड़काव करने वाली मशीन से आग बुझाई।
हवा की रफ्तार होगी कम, चढ़ेगा पारा
पिछले कई दिन से चल रही तेज हवा की रफ्तार थमने लगी है। शुक्रवार को हवा की गति से आठ से दस किमी प्रति घंटा रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे में हवा की रफ्तार और अधिक धीमी होगी। इससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। अप्रैल की शुरुआत से ही मौसम बदल रहा है। शुक्रवार से हवा की रफ्तार धीमी होनी शुरू हो गई। अगले एक सप्ताह में मौसम बदलेगा और गर्मी का असर भी तेजी से बढे़गा। बृहस्पतिवार को हवा 15 किमी प्रति घंटे चली, जबकि शुक्रवार को हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रति घंटे पर रही। दिन का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि शनिवार से हवा धीमी होनी शुरू हो जाएगी। दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
... Read More