आइए नजर डालते हैं आज की मुख्यहेड लाइन पर...
तीन घंटे से ज्यादा हाईवे जाम नहीं कर सके भाकियू कार्यकर्ता
मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुवा में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष रामबोस के नेतृत्व में सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक चक्का जाम रखा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार अवनीश कुमार व सीओ आरपी शाही को सौंपा। पुलिस ने नानू पुल से वाहनों का रूट डायवर्जन कराया।
26 अप्रैल को पंचायत चुनाव, 13 से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
पंचायत चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। मेरठ में 26 अप्रैल को तीसरे चरण में मतदान होगा। इसके लिए 13 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक रखा गया है। दो मई को चार चरणों में हुए चुनाव की मतगणना एक साथ होगी। जिले में 479 ग्राम पंचायतों में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। होली से पहले हुई चुनावी घोषणा के बाद त्योहार का रंग और गाढ़ा हो जाएगा।
37 नए मरीज मिले, पॉश इलाकों में पहुंचा संक्रमण
मेरठ में कोरोना के मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को 37 मरीज कोरोना संक्रमित मिले। इनमें तीन साल के बच्चे से लेकर 65 साल तक की महिला शामिल हैं। इनमें 4 मरीज कैलाशपुरी के हैं। अब यहां मरीजों की संख्या 20 हो गई है, जबकि चार मरीज शहर की पॉश कालोनी मानसरोवर में मिले हैं।
मई तक चुनाव क्षेत्र में नहीं होंगे विकास कार्य, आज से प्रशिक्षण
पंचायत चुनाव की तिथियों की घोषणा होते ही जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले के सभी विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। आदर्श आचार संहिता को लागू करते हुए चुनाव क्षेत्रों में किसी भी विकास कार्य के शिलान्यास, लोकार्पण पर रोक लगी रहेगी। सबसे अधिक असर लोक निर्माण विभाग पर पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 40 सड़कों का निर्माण किया जाना था। इन निर्माण कार्यों की अनुमानित लागत दो करोड़ थी। अब इन सड़कों के टेंडर दो मई के बाद ही निकाले जाएंगे। आज से ही चौधरी चरण सिंह विवि में एआरओ और आरओ का चुनाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा।
पश्चिमी यूपी में होगा किसान आंदोलन का जमीनी परीक्षण
कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसान आंदोलन के बीच होने जा रहे पंचायत चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घमासान तय है। पंचायत चुनाव में किसान आंदोलन के साथ-साथ प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल का जमीनी परीक्षण होगा।
मेरठ: हथियार बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश, चार आरोपी दबोचे, सप्लाई के लिए ऑनलाइन कराई जाती थी बुकिंग
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मलियाना और शॉप्रिक्स मॉल के पास एक साथ छापा मारा। यहां पर तमंचे और पिस्टल बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई। टीमों ने चार आरोपी गिरफ्तार कर उनसे तमंचे और पिस्टल की खेप बरामद की है। देर रात तक कार्रवाई जारी थी। पंचायत चुनाव में हथियारों की मांग बढ़ने के कारण यहां यह काम चल रहा था। ऐसे हथियारों की सप्लाई ऑनलाइन बुकिंग से कराई जा रही है। इसका इनपुट मिलने पर एडीजी मेरठ जोन और आईजी रेंज में सभी जिलों में ऐसे अपराधियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
संभलकर खेलें होली, सेहत न बिगाड़ दें मिलावटी रंग
होली की मस्ती सेहत पर भारी पड़ सकती है। केमिकलयुक्त रंग सबसे अधिक त्वचा को नुकसान पहुंचाते हैं। घर पर बनाए रंग सबसे अधिक सुरक्षित होते हैं। कुछ रंगों में केमिकल, रेत और कांच की मिलावट की जाती है, जिससे त्वचा, आंख, बालों को नुकसान होता है। इसके अलावा एलर्जी और सांस की बीमारियों का खतरा भी रहता है। कोरोना संक्रमण बढ़ने की वजह से होली पर सामाजिक दूरी का पालन भी जरूरी है।
... Read More