आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
पंचायत चुनाव 2021: सहारनपुर में सुबह नौ बजे तक 11.87 प्रतिशत मतदान, वोट डालने के लिए लगी लंबी लाइन
पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए सहारनपुर में आज मतदान किया जा रहा है। जिले में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। जिले में सुबह नौ बजे तक 11.87 प्रतिशत मतदान हो गया है। वहीं कई केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मेरठ में बड़ी वारदात: भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या, कार में पड़ी मिली लाश, जांच में जुटे अफसर
मेरठ शहर में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात हो गई। यहां भाजपा पार्षद मनीष उर्फ मिंटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसका शव उसी की कार में मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। जिसकी अभी जांच पड़ताल चल रही है। करीब ढाई साल पहले पार्षद मनीष उर्फ मिंटू के ब्लैक पेपर होटल में दरोगा के साथ एक युवती आई थी। इस दौरान दरोगा का पार्षद मनीष के साथ विवाद हो गया था। इस दौरान मनीष ने दरोगा को थप्पड़ मार दिया था। जिसके चलते मनीष को जेल में भी जाना पड़ा था।
पश्चिमी यूपी में तेजी से बढ़ रहा कोरोना, एक दिन में मिले 1038 नए मरीज, आठ लोगों की मौत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छह जिलों में एक दिन में 1038 नए संक्रमित मिले, जबकि आठ की मौत हो गई। छह मौत मेरठ में और दो मुजफ्फरनगर में हुईं। मुजफ्फरनगर में 399 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में पंचायत चुनाव करा रहे जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी संजीव, प्रशिक्षु पीसीएस अभिषेक सिंह समेत कई अधिकारी और कर्मचारी भी हैं। वहीं, मेरठ में 367, सहारनपुर में 115, बिजनौर में 102, बागपत में 43 और शामली में 12 संक्रमित मिले हैं।
पंचायत चुनाव: सहारनपुर में मतदान शुरू होने से पहले आगजनी, प्रधान पद के दो प्रत्याशी भिड़े, कार में लगाई आग
सहारनपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बड़गांव क्षेत्र के जड़ौदा पांडा गांव के मजरे किशनपुरा में रात करीब चार बजे प्रधान पद के दो पक्षों में कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं संघर्ष के दौरान एक कार को तोड़ा गया तो दूसरी में आग लगा दी गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस शांति व्यवस्था बनाने में जुटी है। दिन निकलने से पहले पुलिस ने मौके से दोनों कारों को हटा दिया है।
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा रद्द, मेरठ के 15,000 छात्रों के भविष्य पर संकट
सीबीएसई दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा रद्द होने से मेरठ में लगभग 15,000 छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। शहर में छोटे और बड़े मिलाकर लगभग ढाई सौ सीबीएसई स्कूल हैं, जिनमें 27,000 विद्यार्थी पढ़ते हैं। सभी छात्र-छात्राओं को 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भाग लेना था लेकिन, ऐन मौके पर परीक्षाएं रद्द होने से छात्र और अभिभावक दोनों चिंतित हैं।
बागपत में प्रधान पद के प्रत्याशी और समर्थकों पर हमला, ताबड़तोड़ फायरिंग
बागपत के अहेड़ा गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी और समर्थकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी की। बताया गया कि हमले में पांच लोग घायल हो गए हैं। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
नेशनल शूटर प्रशांत बिश्नोई की हादसे में मौत
मेरठ में नेशनल शूटर प्रशांत बिश्नोई की हादसे में मौत हो गई। प्रशांत फॉर्च्यूनर गाड़ी से लौट रहे थे। इसी दौरान पूठखास स्थित गंग नहर के पास मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित हो कर खाई में पलट गई। चार साल पहले प्रशांत प्रतिबंधित वन्यजीवों के कंकाल और असलाह रखने के मामले में सुर्खियों में आया था। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महिला थाने के सामने रिटायर्ड कर्नल देवेंद्र सिंह इकलौते बेटे नेशनल शूटर प्रशांत बिश्नोई (40) और परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार रात 10:00 बजे प्रशांत फॉर्च्यूनर गाड़ी से घर लौट रहे थे। प्रशांत के रोहटा क्षेत्र में शराब के ठेके हैं और थाना क्षेत्र में भाजपा नेता कुलविंदर सिंह के रिश्तेदार उमेश गुर्जर निवासी जिटोला उनका पार्टनर है। प्रशांत रोजाना की तरह उसके पास से लौट रहे थे।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की युवती को शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म किया गया। युवती ने मौसी के देवर पर आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। बुधवार को युवती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व वह अपनी मौसी के देवर की शादी में हापुड़ गई थी। इसी दौरान मौसी ने अपने छोटे देवर से बात कराई थी। युवती का आरोप है कि मेरठ आने के बाद भी यह युवक उससे फोन पर बात करता रहा। एक दिन वह युवती के घर आया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसी मामले में युवती और परिवार के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
... Read More