आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
आज नामांकन से होगी प्रशासन की परीक्षा, शाम पांच बजे तक दाखिल होंगे पर्चे
पंचायत चुनाव के लिए प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा मंगलवार को होगी। मेरठ जिले के 12 ब्लॉक और कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। शाम पांच बजे तक चलने वाली प्रक्रिया में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट में चार जगह नामांकन पत्र दाखिल होंगे, जबकि ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य के लिए ब्लॉक स्तर पर नामांकन किए जाएंगे। सभी ब्लॉकों में टेंट लगाकर तैयारियों को सोमवार को अंतिम रुप दिया गया है।
भाजपा ने सभी वार्डों पर घोषित किए प्रत्याशी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश नेतृत्व ने मेरठ में सोमवार रात जिला पंचायत के सभी 33 वार्डों के प्रत्याशी घोषित कर दिए। इस सूची में दो पुराने चेहरों को जगह मिली है। बाकी सभी नए चेहरे हैं। अहम बात ये है कि निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह की दावेदारी खारिज करते हुए वार्ड 32 से निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य रोहताश पहलवान को दोबारा चुनाव में उतारा गया है। तमाम विरोध के बीच पार्टी ने लगातार तीसरी बार डॉ. मीनाक्षी भराला को उम्मीदवार बनाया है।
मेरठ में और बढ़ा कोरोना का खतरा, एक दिन में मिले 256 नए मरीज
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर अपने चरम पर है। जिले में एक दिन में नए मरीजों की संख्या 256 पहुंच गई। वहीं कोरोना से तीन महिलाओं की जान चली गई। वहीं एक दिन में चार की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बताया गया कि मृतकों में 50 वर्षीय एक महिला मोदीनगर की है, जबकि 48 और 55 साल की दो अन्य महिलाएं मेरठ की हैं। दो महिलाओं की मौत मेडिकल कॉलेज और एक की मौत केएमसी में हुई है। जिले में 250 से ज्यादा संक्रमित अस्पतालों में भर्ती हैं।
पीसीएस 2020 में मेरठ के होनहारों ने दिखाया दम उदित को पांचवीं और सचिन को प्रदेश में 18वीं रैंक
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2020 के नतीजे घोषित कर दिए। मेरठ शहर के उदित पंवार की प्रदेश में पांचवीं और सचिन की 18वीं रैंक मिली है। कामयाबी से खुशी का माहौल है। मूल रूप से सरधना के गोटका गांव एवं वर्तमान में रुड़की रोड स्थित विवेक विहार कॉलोनी में रह रहे उदित पंवार ने यूपी पीसीएस की परीक्षा में पांचवां स्थान प्राप्त किया। वह डिप्टी कलेक्टर बने हैं। वहीं, मूल रूप से माछरा के डेरियो रछोती गांव निवासी सचिन कसाना ने यूपी में 18वीं रैंक हासिल की है । सचिन 2014 से बेसिक शिक्षा विभाग में अमरोहा में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। पिता अजब सिंह कसाना गन्ना विभाग में बागपत में हैं, माता शिमला कसाना गृहिणी हैं।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तीन दुकानों में भीषण आग, कई लोगों ने भागकर बचाई जान
उत्तर प्रदेश के बागपत में बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सोमवार को गैस सिलिंडर में आग लगने से तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आग में घिरे कई युवाओं ने कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर करीब आधा घंटे बाद पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी का पानी भी खत्म हो गया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
मुर्गी फार्म की आड़ में बन रही थी शराब, पुलिस ने किया भंडाफोड़
पंचायत चुनाव के लिए मेरठ के परतापुर में गगोल रोड पर कताई मिल चौकी के पास मुर्गी फार्म में शराब तैयार की जा रही थी। गाजियाबाद पुलिस के साथ परतापुर पुलिस ने छापेमारी करते हुए पांच लाख रूपये कीमत की शराब को बरामद किया है। इसके साथ एक आरोपी को दबोच लिया। जबकि उसका भाई मौके से फरार होने में कामयाब रहा। गाजियाबाद पुलिस शराब और आरोपी को लेकर रवाना हो गई।
सीसीएसयू की 13 अप्रैल से तीन मई तक की वार्षिक और प्राइवेट परीक्षाएं स्थगित
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के कॉलेजों में 10 अप्रैल से शुरू हुई वार्षिक की मुख्य परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इसके अलावा प्राइवेट की 13 अप्रैल से तीन मई तक की सभी परिक्षाएं भी स्थगित कर दी गई है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण और चुनाव में कर्मचारियों व शिक्षकों की ड्यूटी के लगने की वजह से यह निर्णय लिया गया है।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने तमंचा फैक्टरी पकड़ी
मुजफ्फरनगर पुलिस ने अवैध रूप से चल रही तमंचा फैक्टरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश के दौरान मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार बरामद किए। हथियार बनाने के उपकरण भी पुलिस ने मौके से बरामद किए। गिरफ्तार बदमाश फरमान को जेल भेज दिया गया है।
ठगी का नया ट्रेंड.. एफडी करने का झांसा... और खाता खाली
साइबर क्राइम करने वाले शातिरों ने ठगी का नया तरीका निकाला है। पहले तो लोन दिलाने और एटीएम कार्ड बंद होने की बात कहते हुए बैंक अधिकारी बनकर धोखा देते थे, अब खाते में जमा धनराशि की फिक्स डिपॉजिट (एफडी) करने के नाम पर ठगी की जा रही है। वारदात करने वाले शातिर बाहरी राज्यों के हैं और फर्जी पहचान पत्र के जरिये लिए सिम कार्ड से कॉल करते हैं। इस कारण इन तक पहुंचने में पुलिस के भी पसीने छूट रहे हैं। साइबर क्राइम करने वालों की धरपकड़ के लिए ही प्रत्येक मंडल स्तर पर साइबर थाना बनाया गया। सहारनपुर पुलिस लाइन में स्थापित साइबर थाने में अब तक नौ मामले दर्ज किए गए हैं। जिन मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, उनकी भी संख्या काफी है।
... Read More