सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
पश्चिमी यूपी में कोरोना के 2085 मरीज मिले, 35 की मौत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छह जिलों में मंगलवार को 2085 संक्रमित मिले हैं, जबकि 35 लोगों की मौत हो गई। मेरठ में 9605 सैंपलों की जांच में 1222 नए मरीज मिले हैं, जबकि 22 की मौत हो गई। सर्विलांस अधिकारी डॉ. आशोक तालियान ने बताया कि 10 मौतें मेडिकल कॉलेज और 12 निजी अस्पतालों आर्यावर्त, एसडीएस ग्लोबल, केएमसी और न्यूटिमा में हुईं। मरने वालों में 8 मेरठ के थे, बाकी शामली, बुलंदशहर, बागपत, दिल्ली और बिजनौर के थे। सहारनपुर में एसडीएम सदर के भाई सहित सात की मौत हो गई, 304 संक्रमित मिले हैं। बिजनौर में 153 नए मरीज मिले हैं, तीन की कोरोना से और पांच की बुखार से मौत हुई है। मुजफ्फरनगर में 260, शामली 70 संक्रमित मिले हैं। बागपत में तीन की मौत हो गई, 76 संक्रमित मिले हैं।
अमेरिका से भारत आएंगे 1500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
मुश्किल वक्त में एक प्रयास भी यदि सफल हो जाए तो हजारों जान बचाई सकती है। भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के एक प्रयास से प्रधानमंत्री कार्यालय की अनुमति मिलने के बाद अमेरिका से 1500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भारत पहुंचेंगे। इन्हें एयरलिफ्ट करने की अनुमति मिल गई है।
मेरठ में ऑक्सीजन की समस्या के लिए खोला कंट्रोल रूम
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक सप्ताह से तेजी से बढ़ती ऑक्सीजन की किल्लत और लोगों को होती दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन अब जागा है। प्रशासन ने ऑक्सीजन संबंधी शिकायत के लिए कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम खोल दिया है। यह 24 घंटे खुला रहेगा। इसके लिए कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगा दी गई है। यदि किसी को समस्या है तो वह कंट्रोल रूम नंबर 0121-2664134 पर संपर्क कर सकता है।
मेरठ के साधारणपुर गांव में अब तक शराब पीने से 10 लोगों की मौत
मेरठ में थाना इंचौली क्षेत्र के साधारणपुर गांव में जहरीली शराब ने एक और युवक जोनी (28) की मौत हो गई। पिछले 48 घंटों में शराब पीने से मरने वालों की संख्या 10 तक पहुंच गई है। इनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पंचायत चुनाव के दौरान बांटी गई अवैध शराब के कारण इन ग्रामीणों की जान चली गई। इस मामले में काफी फजीहत होने के बाद पुलिस ने एक प्रधान प्रत्याशी को पकड़ा और उससे पूछताछ की। वहीं, पुलिस से लेकर आबकारी विभाग के अफसर अब तक मामले में खामोश रहकर खुद को बचाने में जुटे हैं।
प्रेम विवाह के बाद दूसरी बरात लेकर निकला युवक
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर दिल्ली की एक महिला ने दूसरी शादी करने का आरोप लगाया था। पीड़िता ने इस मामले में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। जिसका नतीजा यह निकला कि युवक मंगलवार सुबह दूसरी शादी करने के लिए बरात लेकर रवाना हो गया। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मेरठ में वेंटिलेटर पर अस्पताल, ऑक्सीजन की मारामारी
मेरठ शहर के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत से मरीजों में अफरातफरी और इसके बाद सिलिंडर के लिए मारामारी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार से शुरू हुआ ऑक्सीजन की कमी का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले मंगलवार को हापुड़ रोड स्थित संतोष अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। इसके अलावा और भी कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी देखने को मिली है।
सहारनपुर के गुप्ता बन्धुओं पर साउथ अफ्रीका के बाद ब्रिटेन में भी लगा बैन
ब्रिटेन की सरकार ने सोमवार 26 अप्रैल को भारतीय मूल के तीन व्यापारियों समेत 22 लोगों पर पाबंदी लगा दी। इन पर दुनिया के सबसे गंभीर भष्टाचार के मामलों में शामिल होने का आरोप है। इन लोगों पर ब्रिटेन के बैंकों से पैसे निकालने या देश में प्रवेश को लेकर पाबंदी लगा दी गई है।
मासूम बेटी ने बाप की गोदी में दम तोड़ा
मुजफ्फरनगर में ऑक्सीजन के अभाव में 11 माह की बेटी ने एक बेबस पिता की गोदी में ही दम तोड़ दिया। शहर के विभिन्न हॉस्पिटल में भटकने के बाद जब कहीं बेटी भर्ती नहीं हुई तो जिला चिकित्सालय पहुंचा, यहां भी बेटी को ऑक्सीजन नहीं मिली तो गोद में ही दम तोड़ दिया। सहारनपुर निवासी अशोक पुलिस लाइन में कार्यरत अपने भाई रवि के पास परिवार के साथ आया हुआ था। उसकी 11 माह की बेटी सोमा रात से बीमार थी। किसी तरह रात गुजारी और सुबह को शहर के कई हॉस्पिटल में वह पहुंचा, किसी ने भर्ती नहीं किया। एक चिकित्सक ने देखा तो बताया कि इसे ऑक्सीजन की आवश्यकता है। सभी जगह भटकने के बाद वह जिला चिकित्सालय में पहुंचा और यहां इमरजेंसी में दिखाया। यहां भी उसकी बेटी को ऑक्सीजन नहीं मिल पाई और बेटी ने गोद में ही दम तोड़ दिया।
... Read More