सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बुधवार सुबह यानि आज काली पगड़ी बंधवाई। वहीं भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादोन ने बताया कि कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन के छह माह पूरे होने पर किसान आज काला दिवस मनाएंगे। इस दौरान किसान अपने गांवों के चौराहों पर केंद्र सरकार का पुतला दहन करेंगे, बल्कि घरों व ट्रैक्टरों पर काले झंडे लगाकर वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करेंगे।
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के बसेड़ी गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पति से पूछताछ की तो उसने सनसनीखेज खुलासा किया। पूछताछ में हत्यारोपी पप्पू ने अपने तीनों मासूम बच्चों को गंगनहर में जिंदा फेंकने की बात कही है। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस गंगनहर में बच्चों को तलाश कर रही है। हत्यारोपी पप्पू का कहना है कि उसने पत्नी की हत्या करने के बाद तीनों बच्चों को कमहेड़ा गांव के सामने आकर गंगनहर में फेंक दिया था। पुलिस ने हत्यारोपी पप्पू को मंगलवार देर रात लक्सर के पास से गिरफ्तार किया है।
हौसला हो तो कोई भी कार्य नामुमकिन नहीं है। मेरठ में सकौती के रहने वाले बिल्डर के बेटे ने 14 साल की उम्र में कंप्यूटर साइंस के 11 कोर्स ऑनलाइन व ऑफलाइन पूरे कर लिए हैं। यह कोर्स सामान्य तौर 24 साल की उम्र में पूरे होते हैं। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रह रहे सकौती गांव निवासी गोपाल अरोरा के परिवार में पत्नी कविता अरोरा, बेटा आदर्श अरोरा व बेटी आन्या अरोरा है। उन्होंने बताया कि बेटा 9वीं कक्षा में आया है। जब बेटा कक्षा छह में था तो उन्होंने उसे रोबोटिक्स में कोर्स कराए, इस दौरान आदर्श के मन में प्रोग्रामिंग कोर्स करने की जिज्ञासा हुई। इसके बाद आदर्श ने ऑफलाइन कोर्स करने के लिए इंस्टीट्यूट व ऑनलाइन कोर्स करने के लिए अमेरिका की यूनिवर्सिटी को नेट पर तलाशा और उसे सफलता भी मिली। आदर्श ने बताया कि वह अमेरिका की कैलिफोर्निया स्थित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला चाहता है। लेकिन स्टैनफोर्ड ने उम्र कम बताते हुए दाखिला देने से इनकार कर दिया। अब आदर्श उम्र का मानक पूरा होने का इंतजार कर रहा है।
मेरठ के सरधना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी वृद्ध द्वारा 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों पक्ष अलग-अलग जाति से होने के कारण गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले में गांव में पंचायत हुई, जिसमें पंचों ने आरोपी को जूते मारकर गांव से निकालने का फरमान सुनाया। पीड़िता के परिजनों के साथ पंचों ने दुष्कर्म के आरोपी पर जमकर जूते मारे, जिसके बाद आरोपी ने सोमवार रात ही गांव छोड़ दिया।
पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में वृद्धि लोगों में बेचैनी बढ़ाने लगी है। लगातार बढ़ रही कीमतों से जनपद में पेट्रोल के दाम 90 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर चुके हैं। इस साल पेट्रोल के दाम से सात रुपये 26 पैसे से की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही डीजल और एक्सट्रा प्रीमियम पेट्रोल के दाम भी बढ़ रहे हैं। दो महीने में डीजल के दाम 3.17 रुपये की वृद्धि के साथ 84.12 रुपये और एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल के दाम 3.65 रुपये की वृद्धि के साथ 94.75 रुपये लीटर पहुंच गए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो, ताउते के बाद अब बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवात तूफान यास उत्तर प्रदेश का मौसम बदलेगा। यास चक्रवाती तूफान का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कम ही दिखाई देगा। जबकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रभाव रहेगा। अगल पांच दिनों में मौसम शुष्क बना होने के कारण गर्मी बढ़ेगी।
कोरोना महामारी में ऑक्सीजन की कमी से सैकड़ों लोगों की जान चली गई। ऐसे में साकेत आईटीआई की इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी ने सकारात्मक कदम आगे बढ़ाए हैं, जिससे भविष्य में जनता को ऑक्सीजन की कमी से जूझना न पड़े। अब आईटीआई के छात्र ऑक्सीजन कन्संट्रेटर तैयार करेंगे।
... Read More