सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
रालोद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक में आज जयंत चौधरी की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो गई। सर्वसम्मति से उन्हें पार्टी का नेता चुन लिया गया। जयंत चौधरी ने अध्यक्ष पद संभालते ही संयुक्त किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए कार्यकर्ताओं से बुधवार को इसमें बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। सरकार से मांग की है कि किसानों से वार्ता कर समस्या का जल्द कोई हल निकाले।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ब्लैक फंगस के 20 नए मरीज मिले हैं। अब तक कुल 129 मरीज मिल चुके हैं। 19 मरीज मेडिकल कॉलेज आौर एक आनंद अस्पताल में भर्ती हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ब्लैक फंगस के 10 लोगों की मृत्यु दर्शा रहा है। एक मरीज की छुट्टी हुई है। इस तरह 33 की छुट्टी हो चुकी है। 86 सक्रिय मामले हैं। मेडिकल में अब तक 87 मरीज भर्ती हो चुके हैं। फिलहाल 65 मरीज भर्ती हैं। बाकी मरीज निजी अस्पतालों में हैं।
शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र में घरेलू विवाद में पत्नी के मायके चले जाने से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उधर, जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मामला शामली के थानाभवन कस्बे के मोहल्ला शहविलायत का है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व गय्यूर व उसकी पत्नी का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी उससे लड़कर अपने परिजनों के साथ चली गई। वहीं मंगलवार सुबह करीब नौ बजे गय्यूर घर के पास में ही लगे टावर के आखिरी छोर पर चढ़ गया। पड़ोसियों ने करीब साढ़े 10 बजे पुलिस की मदद से युवक को टावर से उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेरठ के परतापुर में दो दिन की बारिश के बाद सर्विस रोड पर पानी भरने और रास्ता बंद हो जाने के बाद किसानों का गुस्सा मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर फूट पड़ा। उन्होंने गांव सोलाना से मुरादाबाद के बीच क्रैश बैरियरों को उखाड़ फेंका है। वहीं, दीवार को तोड़कर साइन बोर्ड भी उखाड़कर ले गए। एक्सप्रेसवे अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना गलत है। बातचीत से ही समस्या दूर हो सकती है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी है। कोरोना संक्रमण के कारण पहली बार वर्चुअल तरीके से शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। शासन ने दो दिन शपथ ग्रहण के लिए तय किए हैं। आज यानि 25 मई को 227 और 26 मई को 66 ग्राम पंचायतों में शपथ दिलाई जाएगी। इसकी जिम्मेदारी सचिव को सौंपी गई है।नोडल अधिकारी खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार और जिला गन्ना अधिकारी बनाए गए हैं।
मेरठ से सटे हस्तिनापुर में पशुओं को चारा चराने गए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी लगते पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने हत्यारोपी को पकड़ लिया। बताया गया कि एक साल पहले खेत की मेढ़ काटने पर दोनों में विवाद हुआ था। जिसके चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
मेरठ में काले फंगस के बाद अब सफेद फंगस का भी हमला शुरू हो गया है। मेरठ पहला और दुर्लभ केस मिला है। एक ही मरीज में काले और सफेद दोनों फंगस मिले हैं। इससे हड़कंप मच गया। इसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
बागपत में बिनौली थाना क्षेत्र के गढ़ीदुल्ला गांव में रविवार रात मुर्गा व शराब की दावत न देने पर एक युवक ने दोस्त के सीने में छुरा घोंपकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक ग्राम गढ़ीदुल्ला निवासी प्रदीप (26) पुत्र सुखवीर सिंह दलित व पिंटू पुत्र किरणपाल वाल्मीकि में गहरी दोस्ती थी। दोनों एक साथ खाते-पीते रहते थे। प्रदीप उर्फ बॉडी बीती रात पिंटू के घर के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान नशे में पिंटू ने प्रदीप को आवाज लगाकर रोक लिया और बातचीत करने लगे।
मेरठ में कोरोना की दूसरी लहर पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ी है। पुलिसकर्मी संक्रमित के साथ-साथ मौत का आंकड़ा भी वेस्ट यूपी में पुलिस विभाग में ज्यादा है। आज रविवार को पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुरेंद्र सिंह कोरोना के चलते मौत हो गई।
सहारनपुर में एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चिलकाना थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर जहर खिलाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।