सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मेरठ में कोरोना से एक दिन में 29 लोगों की मौत, 1199 मिले नए मरीज
मेरठ शहर में कोरोना की रफ्तार रुक नहीं रही है। जिले में बुधवार को कोरोना के 1199 मरीज मिले, जबकि 29 की मौत हो गई। 13 मौत मेडिकल में और 16 निजी अस्पतालों में हुई। इनमें 23 मौत मेरठ के लोगों की हुई और बाकी आसपास के जिलों के थे। जांच कम होने के बावजूद मरीजों की संख्या काफी रही। मेरठ में बुधवार को 6401 सैंपलों की जांच में हर छठा व्यक्ति संक्रमित निकला। जिले में 18418 सक्रिय मामले हैं।
सहारनपुर में सिविल जज तैयब अहमद की कोरोना से मौत
सहारनपुर में अपर जिला एवं सिविल जज तैयब अहमद की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में उन्होंने आखिरी सांस ली। बताया गया कि वह आठ दिन से भर्ती थे। परिवार में पत्नी, चार साल की बेटी और बुजुर्ग मां हैं। वह मूलरूप से मंगलौर (हरिद्वार) के रहने वाले थे। सुपुर्द-ए-खाक के लिए जनाजा वहीं पर ले जाया गया है।
मेरठ में कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर जमकर विवाद, भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
मेरठ में जानीखुर्द के गांव रसूलपुर धौलड़ी में एक व्यक्ति का शव कब्रिस्तान में दफनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पथराव कर दिया। इसके बाद तीन और थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव दफनाया गया। घटना का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, कार चालक की मौत
मुजफ्फरनगर में गंग नहर पटरी मार्ग पर सठेड़ी के निकट एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क हादसे में इनोवा कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो लोग घायल हो गए। यह हादसा करीब सुबह चार बजे हुआ। ये लोग जयपुर से हरिद्वार जा रहे थे।
मेरठ में जिला पंचायत सदस्य के पिता ने समझौता न करने पर भाजपा कार्यकर्ता को धमकाया
मेरठ में जिला पंचायत सदस्य अरुण चौधरी के पिता ने समझौता न करने पर पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता को धमकाया है। इस मामले में पुलिस ने अरुण के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधिकारी ने एसओ इंचौली को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी।
मेरठ में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, मां ने थाने में दी तहरीर
मेरठ जनपद में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। सरधना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपनी पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। महिला ने बताया कि वह 29 मार्च को अपने मायके बागपत के एक गांव में गई थी। उसकी पांच वर्षीय बेटी घर पर थी, इसी बीच पड़ोसी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
मेरठ में भाजपा नेता के भाई के घर पर पुलिस का छापा, मिले 10 ऑक्सीजन सिलिंडर
मेरठ में मवाना क्षेत्र के गांव भैंसा में पुलिस ने एक मकान से ऑक्सीजन के 10 सिलिंडर बरामद किए हैं। पुलिस इन्हें खाली बता रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी हाथ नहीं आ सका है। इसकी जांच की जा रही है कि इतने सिलिंडरों को किस उद्देश्य से घर में रखा गया था। आरोपी भाजपा नेता का भाई बताया जा रहा है।
वैक्सीन नहीं लगवाने वालों पर कोरोना संक्रमण का ज्यादा खतरा
कोरोना से बचाव के लिए जहां रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी रखनी चाहिए, वहीं वैक्सीन लगवाना भी बेहद जरूरी है। क्योंकि कोरोना संक्रमण से ऐसे लोगों की ज्यादा मौत हो रही हैं, जिन्होंने कोविड वैक्सीन का टीका नहीं लगवाया। ऐसे में लोगों को अधिक जागरूक होने की जरूरत है।
... Read More