सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
पश्चिमी यूपी के छह जिलों में मिले 4415 नए संक्रमित मरीज, मेरठ में एक दिन में 23 लोगों की मौत
मेरठ में कोरोना की रफ्तार तेज होती जा रही है। सोमवार को रिकॉर्ड 2190 संक्रमित मिले हैं, जबकि 23 लोगों की मौत हो गई। 13 मौत मेडिकल में और 10 निजी अस्पतालों में हुई। 19 मौत मेरठ की और बाकी आसपास के जिलों के थे। उधर, पश्चिमी यूपी के पांच जिलों में 2225 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। मेरठ में सोमवार को हुई 4656 सैंपलों की जांच में हर तीसरा मरीज संक्रमित निकला। इस लिहाज से करीब 47 प्रतिशत मरीज संक्रमित निकले हैं। 17682 सक्रिय मामले हैं।
मेरठ पहुंचा ब्लैक फंगस न्यूटिमा में दो मरीज मिले
कोरोना के मरीजों को ब्लैक फंगस संक्रमण का खतरा भी घेर रहा है। संक्रमण महाराष्ट्र-गुजरात के कुछ जिलों के बाद मेरठ में भी देखने को मिला है। मुजफ्फरनगर और बिजनौर के दो मरीज न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती हैं जिन्हें ब्लैक फंगस की बीमारी हो गई है। दोनों कोविड पेशेंट हैं और उनका इलाज चल रहा है। न्यूटिमा अस्पताल के एमडी और वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संदीप गर्ग ने बताया कि दोनों मरीज़ म्यूकरमायकोसिस (ब्लैक फंगस या काली फफूंद) से पीड़ित हैं, जिनका डॉक्टर ब्लैक फंगस के लिए इलाज कर रहे हैं। कोविड की पहली लहर के दौरान ऐसे मरीजों की संख्या देश में बहुत कम थी। देश में महाराष्ट्र और गुजरात में खास तौर पर म्यूकरमायकोसिस के मामले बढ़ रहे हैं।
पंचायत चुनाव के बाद गांवों में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद गांवों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। प्रत्याशियों के साथ ग्रामीण भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। सोमवार को आई रिपोर्ट में 157 संक्रमित मिले हैं। जिनमें सकौती के प्रधान व उसके पुत्र समेत 25 ग्रामीण पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि दौराला में 10, सरधना में 33, खरखौदा में 12, मवाना में 67, परीक्षितगढ़ में नौ और माछरा में एक व्यक्ति संक्रमित मिला है।
तीन बेटियों और पत्नी को जहर दिया, मां-बेटी की मौत
मेरठ में किठौर क्षेत्र के ललियाना गांव में सनसनीखेज वारदात हो गई। पारिवारिक विवाद में युवक ने अपनी तीन बेटियों और पत्नी को खाने में जहर दे दिया। दो साल की बच्ची और मां की मौत हो गई। वहीं दो बेटियों की हालत गंभीर है। उनका मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतका के भाई फजल मोहम्मद ने आरोप लगाया कि उसके जीजा ने परिवार को जहर दिया है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने पति अकरम और उसके भतीजे कासिम, रिहान, वसीम और शाहीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मेरठ के परतापुर में आपसी विवाद को लेकर हॉस्टल में बीटेक के छात्र को गोली मारी
मेरठ के परतापुर थानाक्षेत्र में एक छात्र को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। परतापुर हाईवे पर एक बीटेक के छात्र को तीन युवकों ने हॉस्टल में घुसकर गोली मार दी है। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया।
मेरठ में बसपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य पिस्टल लेकर युवक के पीछे भागा
मेरठ में बसपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य अरुण चौधरी की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। वह एक युवक को जान से मारने के लिए पिस्तौल लेकर पीछे भाग रहे हैं। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। युवक की तहरीर पर पुलिस ने अरुण और उसके साथी ईशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अब कोविड वार्ड में मरीजों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से करें बात
मेरठ में कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोविड मरीजों की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए उनके परिवार के लोगों से रोज बात कराने के लिए कहा है। कमिश्नर के निर्देश पर कोविड वार्ड के स्टाफ को एक मोबाइल और सिम कार्ड इस कार्य के लिए अलग से दिया गया है। सोमवार को कुछ मरीजों की बात भी कराई गई। कमिश्नर ने इलाज में लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। गाजियाबाद के संतोष कुमार के मामले को देखते हुए कमिशनर ने यह व्यवस्था शुरू की है। वहीं लोगों ने प्राइवेट अस्पताल में भी व्यवस्था को शुरू करने की मांग की है।
दो महीने में प्लांट लगाकर ऑक्सीजन बनाएंगी चीनी मिलें
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में ऑक्सीजन के लिए मारामारी है। विश्व में सर्वाधिक उत्पादन करने के बाद भी देश में ऑक्सीजन का संकट है। देशवासियों को इस संकट से उबारने के लिए अब शुगर इंडस्ट्री सामने आई है। गन्ना एवं चीनी विकास आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी की अपील पर निजी क्षेत्र की मिलों ने भी प्लांट स्थापना के लिए कवायद शुरू कर दी है। कोई देश में ही निर्मित प्लांट मंगा रहा है तो कोई विदेश से प्लांट आयात कर रहा है। मेरठ मंडल की चार शुगर मिल प्लांट लगाने जा रही हैं। अगले डेढ़ से दो महीने में इन मिलों के प्लांट ऑक्सीजन उगलना शुरू कर देंगे।
बारिश से मौसम हुआ सुहावना तापमान में आई गिरावट
मेरठ में रविवार देर रात तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद सोमवार को मौसम सुहावना रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले तीन दिनों तक बारिश व ओलावृष्टि की संभावना है। दिन के तापमान में चार डिग्री की गिरावट रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी उत्तर भारत के अधिकांश भागों में चक्रवाती हवाओं के कारण तेज हवा गरज, ओला के साथ हल्की बारिश हो रही है।
... Read More