तानाशाहों की गिनती करना मुश्किल है। लेकिन कुछ तानाशाहों के नाम और कामों से पूरी दुनिया वाकिफ है। हिटलर, सद्दाम, गद्दाफी, पोल पॉट, फिदेल कास्त्रो, किम जोन इल के नाम से ही जेहन में उथल-पुथल मच जाती है। इन तानाशाहों के बच्चे आज कहां हैं, वे क्या कर रहें हैं, देखें।
कंबोडियाई तानाशाह पोल पॉट को दुनिया जानती है। पॉट ने जबरन शहरी लोगों को गांवों में ठूस दिया था, जिसके चलते अस्थिरता का भयंकर संकट पनपा। गरीबी और कुपोषण में लाखों जानें गईं। पॉट की इकलौती बेटी सार पचाता उस वक्त लाइम लाइट में आईं जब साल 1998 में पॉट के निधन के बाद संयुक्त राष्ट्र में खमेर रूज के एक राजनयिक टेप खुन्नाल ने उन्हें गोद लिया। साल 2014 में सार की शादी मलेशिया के साइ विचेका से हुई। सार की शादी में बेहिसाब पैसा पानी की तरह बहाया गया जिसके चलते कंबोडियाई तानाशाह की इस बेटी की आज भी खूब आलोचना होती है।
साल 1971 से लेकर 1986 के दौरान हैती के तानाशाह जीन क्लॉड डुवेलायर ने जालिमों की तरह शासन किया। खूब खूनखराबा हुआ। साल 2014 में जब इस तानाशाह की मौत हुई तब जाकर हैती के लोगों को थोड़ी राहत मिली। इस तानाशाह की बेटी अन्या डुवेलायर कहने को आम जिंदगी जीती है, लेकिन उनकी आम जिंदगी विलासिताओं की हदें पार कर चुकी है। हैती के लोग उनके पिता की तरह अन्या से भी नफरत करते हैं।
जैसा बाप वैसा बेटा वाली कहावत उत्तर कोरिया के मौजूदा शासक 'किम जोंग उन' के लिए सटीक बैठती है। पिता किम जोंग इल भी तानाशाह थे। उत्तर कोरिया में रहने वाले लोग अक्सर दुनिया से कटे रहते हैं। वजह ये हैं कि मगरूर किम उन लोगों को मौत की नींद सुलाने में देर नहीं लगाता जो बाहरी दुनिया से ताल्लुक रखना चाहते हैं। उत्तर कोरिया में तानाशाह की मर्जी ही कानून होती है। अमेरिका हमेशा उत्तर कोरिया के रुख पर खास निगाहें रखता है।
बशर अल असद पूर्व सीरियाई राष्ट्रपति हफेज अल असद के बेटे हैं। फिलहाल वह सीरिया के मौजूदा राष्ट्रपति हैं और सीरियाई सेना के प्रमुख भी। सीरिया के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। आतंकी संगठन आईएसआईएस आधे सीरिया पर कब्जा कर चुका है, और देश में गृहयुद्ध जैसी स्थिति है। देश के अंदर और बाहर दोनों तरफ बसद का जबरदस्त विरोध हो रहा है, लेकिन बसद इससे बेपरवाह है।