कोरोना महामारी के चलते हमारे जीवन में कई तरह के बदलाव आए हैं। ऐसे में निवेश बाजार में भी एक बदलाव देखने को मिला है। छोटी बचत योजनाओं व बैंक जमा में ब्याज के घटने से अब छोटे निवेशकों ने शेयर बाजार की ओर रुख किया है। खास बात ये है कि एक ओर जहां छोटी बचत योजनाओं में निवेशकों की संखया घटी है, वहीं दूसरी ओर डीमैट खातों की संख्या बढ़कर दस करोड़ के पार पहुंच गई है। बेहतर मुनाफे के चलते भले ही निवेशकों ने इसे अपनाया है, लेकिन इसमें जोखिम भी उतना ही ज्यादा है। कई बार शेयर बाजार और शेयरों की सही समझ नहीं होने के चलते निवेशकों को बड़ा नुकसान भी उठाना पड़ा है। अगर आप भी शेयर बाजार में निवेश करने के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन इसके जोखिम को लेकर निवेश करने में हिचकिचा रहे हैं, तो आप इन मापदंडों के आधार पर अपने शेयरों का चुनाव कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि सही शेयर का चुनाव करने के कुछ मापदंड, जिनसे आपके निवेश को जोखिम भी कम होगा और बेहतर रिटर्न दिलाने में भी मदद होगी।
Investment Tips: क्या आप भी हैं स्टॉक मार्केट में नए? तो सही शेयरों का चुनाव करने के लिए इन मापदंडों को अपनाएं, नहीं होगा जोखिम
मजबूत फंडामेंटल कंपनी को कैसे पहचानें
किसी भी कंपनी में निवेश से पहले कंपनी का कारोबार और वित्तीय स्थिति का आकलन करना बेहद जरूरी है। आप उस कंपनी के बीते दो साल के वित्तीय परिणाम, कारोबार का क्षेत्र और बाजार में हिस्सेदारी को देखें। इसके बाद कंपनी के बीते चार तिमाही मुनाफे के स्टेटस को देखें। आप ये सारी जानकारी ऑनलाइन आसानी से पता कर सकते हैं। साथ ही कंपनी के शेयर पर ब्रोकरेज हाउस और विशेषज्ञों की राय को जरूर पढ़ें। ऐसा करके आप एक सही कंपनी के शेयर का चुनाव कर सकते हैं। इसके अलावा कभी भी किसी पेनी स्टॉक में निवेश न करें।
अधिक फायदे के लिए कभी भी किसी शेयर में सिर्फ इसलिए अंधाधुंध पैसा न लगाएं क्योंकि वह ऊपर जा रहा है। ऐसा करना आपको भारी भी पड़ सकता है। आपको पहले इस तेजी का कारण समझना चाहिए। आपको ध्यान रखना है कि यदि कंपनी कि बुनियादी बातों से शेयरों की तेजी मेल नहीं खा रही, तो इसमें पैसा न लगाएं। इसके अलावा आपको ब्रोकरों की सलाह पर आंख मूंदकर भरोसा करने की बजाए खुद कि समझदारी से काम लेना होगा।
ग्रोथ की अच्छी संभावना देखें
एक सुरक्षित निवेश के लिए आपको कंपनी की ग्रोथ की संभावना पर नजर डालनी चाहिए। अब आप सोच रहे होंगे कि किसी कंपनी की ग्रोथ की अच्छी संभावना को कैसे पता लगाएं? फंडामेंटल रूप से एक मजबूत शेयर का प्राइस-टू-अर्निंग्स यानी पी/ई रेशियो 15 से कम है, तो आप आमतौर पर कीमत को वाजिब मान सकते हैं।
आपको पता होना चाहिए कि पिछले 5 साल में कंपनी की कम से कम अर्निंग्स ग्रोथ 20 फीसदी होनी चाहिए। इन सभी कसौटियों पर खरा उतरने वाला शेयर आगामी दिनों में कम जोखिम में अच्छा रिटर्न दे सकता है। इन सभी बातों के अलावा शेयर से जुड़ी खबरों, इंडस्ट्री की दशा-दिशा व इकॉनमी को प्रभावित करने वाले राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी जरूर नजर रखें।