इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में चल रहे 18वें एशियाई खेल में भारत का सफर काफी सुनहरा रहा। 14 दिन तक चले इस इवेंट में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। एशियाई खेलों में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
इस दौरान भारत के खाते में कुल 69 मेडल आए हैं, जिनमें 15 गोल्ड, 24 सिल्वर और 30 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस बार का एशियम गेम्स भारत के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि एशियन गेम्स 2010 और 2014 के मुकाबले ज्यादा गोल्ड मेडल आए हैं। आइए जानते हैं, वो 15 गोल्डन चेहरे, जिन्होंने लगाया गोल्ड का दांवः
बजरंग पूनिया
बजरंग पूनिया ने जकार्ता एशियाई खेलों में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती भार वर्ग के फाइनल में उन्होंने जापान के तकातानी दाईची को 11-8 मात दी।
विनेश फोगाट
विनेश ने महिलाओं की फ्रीस्टाइल 50 किग्रा वर्ग के खिताबी मुकाबले में जापान की पहलवान यूकी इरी को एकतरफा मुकाबले में 6-2 से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स 2018 में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी।
नीरज चोपड़ा
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल के ध्वजारोहक रहे नीरज चोपड़ा ने खेल के 9वें दिन बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 88.06 मीटर के नए राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
जिनसन जॉनसन
पुरुष 1500 मीटर दौड़ में जिनसन जॉनसन ने भारत को 12वें दिन का पहला गोल्ड मेडल दिलाया। इस स्पर्धा में जॉनसन ने 3:44.72 समय के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।