द्रोणाचार्य अवॉर्डी महाबीर फोगाट के घर एक बार फिर से शहनाई गूंजने वाली है और इस बार उनकी तीसरे नंबर की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान संगीता फोगाट के हाथ पीले होने वाले हैं। संगीता 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया के साथ आठ फेरे लेंगी। कोरोना महामारी की वजह से शादी समारोह सादगीपूर्ण माहौल में बलाली गांव में ही संपन्न होगा।
पहलवान बजरंग और संगीता फोगाट की शादी की रस्में शुरू, विवाह में होंगे आठ फेरे
शादी की रस्में शुरू
इससे पहले शनिवार से संगीता के बलाली स्थित घर पर शादी की रस्में शुरू हो गई और बान की रस्म अदा की गई। समारोह में संगीता की बड़ी बहन एवं दंगल गर्ल गीता फौगाट भी शामिल हुई। उनके अलावा केवल परिवार के सदस्य ही मौजूद रहे। संगीता के भाई राहुल ने बताया कि 23 नवंबर को महिला संगीत और 24 नवंबर को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि शादी बिल्कुल सादगी से संपन्न होगी जिसके लिए परिवार स्तर के समारोह की तैयारियां चल रही हैं।
सादगीपूर्ण तरीके से शादी समारोह
संगीता के पिता महाबीर फोगाट का कहना है कि दोनों परिवारों की रजामंदी से सगाई पहले ही कर दी गई थी। दोनों परिवारों ने मिलकर सादगीपूर्ण तरीके से शादी समारोह करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बरात में केवल 20 आदमी ही आएंगे। कोरोना के चलते स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।
बजरंग और संगीता ने जीते हैं कई अंतरराष्ट्रीय पदक
संगीता और बजरंग दोनों ही पेशेवर पहलवान हैं। बजरंग पूनिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में अब तक तीन मेडल जीते हैं और टोक्यो ओलंपिक के पदक दावेदारों में से एक हैं। वहीं संगीता फोगाट राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
गीता और बबीता की तरह संगीता भी लेगी आठ फेरे
संगीता के पिता महाबीर फोगाट ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी गीता और बबीता फोगाट ने अपनी शादी में आठ फेरे लिए थे। आठवां फेरा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बेटी को खिलाओ के तहत था। उनकी तीसरी बेटी संगीता भी इस परंपरा को बरकरार रखेगी और बजरंग के साथ आठ फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधेगी।