फीफा वर्ल्ड कप 2018 में मेजबान रशिया ने मंगलवार को मिस्र (इजिप्ट) को 3-1 से हराकर फैंस की उम्मीदों को करारा झटका दिया है। बता दें कि इस मैच में फैंस अपने स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह की टीम को जीतते देखना चाहते थे, लेकिन मंगलवार रात खेले गए इस मुकाबले में उनकी टीम एक बड़े उलटफेर का शिकार हो गई।
हालांकि इस मैच में मिस्र के लिए एकमात्र गोल फैंस के चहेते फुटबॉलर मोहम्मद सलाह ने ही दागा। मिस्र को पेनल्टी किक मिली और इस मौके का फायदा उठाते हुए सलाह ने इस विश्व कप में अपना पहला गोल किया और इस गोल के साथ ही इजिप्ट की उम्मीद भी जग गई। लेकिन इसके बाद रशिया ने लगातार तीन गोल दागते हुए मिस्र की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बता दें कि रूस की वर्ल्ड रैंकिंग 70 है तो वहीं मिस्त्र 45वें नंबर की टीम है।
मिस्र की शर्मनाक हार के बाद फैंस का गुस्सा भी उनके सबसे फेवरेट प्लेयर मोहम्मद सलाह पर ही फूटा। दर्शकों का कहना है सलाह जिस तरह की फुर्ती और खेल के लिए जाने जाते हैं वैसा खेल कल के मैच में देखने को नहीं मिला। बता दें कि मोहम्म्द सलाह मिडल ईस्ट के देशों में फुटबॉल के सबसे माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं।
मोहम्मद सलाह की तुलना दुनिया के सबसे दिग्गज खिलाड़ियों से की जाती है। लोगों का कहना है कि यह खिलाड़ी किसी भी मायने में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी से कम नहीं है। यहां तक कि पिछले साल नीलामी के वक्त बार्सिलोना और रियल मैड्रिड ने इस खिलाड़ी को अपने टीम में शामिल करने की काफी कोशिश की थी।
सलाह इंग्लिश प्रीमियर लीग में लिवरपूल के लिए खेलते हैं और पिछले सीजन ये सर्वश्रेष्ठ गोल दागने वाले खिलाड़ी रहे थे। सलाह के दम पर ही लिवरपूल ने चैंपियंस लीग के फाइनल में जगह बनाई थी। बता दें कि सलाह ने पिछले साल ही लिवरपूल क्लब ज्वॉइन किया था।