इंग्लैंड ने स्वीडन को हराकर फीफा विश्व कप 2018 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सामरा एरीना स्टेडियम में शनिवार को खेले गए तीसरे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने स्वीडन को 2-0 से करारी मात दी।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में मिली इस हार के साथ ही स्वीडन का सफर फीफा विश्व कप 2018 से समाप्त हो गया, जबकि इंग्लैंड को 28 साल बाद सेमीफाइनल में जगह मिली। इससे पहले इंग्लैंड ने साल 1990 में सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
इस मुकाबले में इंग्लैंड की तरफ से पहला गोल पहले हाफ में हैरी मगुइर ने 30वें मिनट में किया था। दरअसल, 29वें मिनट में इंग्लैंड को इस मुकाबला का पहला कॉर्नर मिला, जिसे मगुइर ने शानदार हेडर लगाकर गेंद को सीधे गोलपोस्ट में भेद दिया। इसके साथ ही पहले हाफ में इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त मिली। विश्व कप में यह गोल उनके इंटरनेशनल करियर का पहला गोल था।
वहीं, दूसरे हाफ में दूसरा गोल डेले अली (58वें मिनट) ने किया। डेले अली के शानदार हेडर के जरिए गोलकर स्कोर को 2-0 की बढ़त पर ला दिया। अपने इस गोल के साथ डेले अली (22 साल 87 दिन) दूसरे ऐसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने विश्व कप में इंग्लैंड के लिए गोल किया है। इससे पहले रोमानिया के माइकल ओवेन (18 साल 190 दिन) ने साल 1998 में गोल किया था।
इसके बाद इंग्लैंड ने स्वीडन को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। हालांकि, स्वीडन के पास कई मौके आए लेकिन वह मौके को भुना नहीं पाए। बता दें कि इंग्लैंड 1990 में इटली में खेले गए विश्व कप में चौथे स्थान पर रहा था। इसके बाद वह कभी सेमीफाइनल में कदम नहीं रख सका।