स्कॉटलैंड के ग्लासगो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक भारत के खाते में 12 पदक आ चुके हैं, जिनमें दो स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य शामिल हैं। इन पदकों के दम पर भारत पदक तालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है।
CWG 2026 Medal Tally: भारत के खाते में अब तक 12 पदक, किस खिलाड़ी ने दिलाया कौन सा मेडल? यहां देखें पूरी लिस्ट
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक 12 पदक जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। भारोत्तोलन सबसे सफल खेल रहा है, जबकि एथलेटिक्स और पैरा स्पर्धाओं से भी मेडल आए हैं। जानिए भारत किस स्थान पर है और किस खिलाड़ी ने कौन सा पदक जीता।
ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर, भारत टॉप-10 में बरकरार
पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा जारी है। उसने 35 स्वर्ण, 18 रजत और 27 कांस्य सहित कुल 80 पदक जीतकर पहला स्थान कायम रखा है। कनाडा दूसरे और इंग्लैंड तीसरे स्थान पर हैं। भारत दो स्वर्ण के साथ नौवें स्थान पर बना हुआ है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 पदक तालिका (टॉप-10)
(मंगलवार के खेल के बाद)
| रैंक | देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
|---|---|---|---|---|---|
| 1 | ऑस्ट्रेलिया | 35 | 18 | 27 | 80 |
| 2 | कनाडा | 13 | 10 | 12 | 35 |
| 3 | इंग्लैंड | 10 | 18 | 15 | 43 |
| 4 | स्कॉटलैंड | 7 | 4 | 4 | 15 |
| 5 | नाइजीरिया | 6 | 4 | 2 | 12 |
| 6 | मलेशिया | 5 | 2 | 3 | 10 |
| 7 | दक्षिण अफ्रीका | 4 | 7 | 5 | 16 |
| 8 | न्यूजीलैंड | 3 | 7 | 3 | 13 |
| 9 | भारत | 2 | 7 | 3 | 12 |
| 10 | जमैका | 2 | 0 | 0 | 2 |
भारत के लिए सबसे सफल खेल भारोत्तोलन रहा है। सात पदक इसी खेल से आए हैं। मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतकर लगातार तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों का खिताब अपने नाम किया। वहीं हरजिंदर कौर ने महिलाओं के 69 किलोग्राम वर्ग और ऋषिकांत सिंह, राजा मुथुपांडी, ज्ञानेश्वरी यादव तथा वल्लुरी अजया बाबू ने रजत पदक जीते। बिंद्यारानी देवी ने कांस्य पदक हासिल किया।
- एथलेटिक्स में सरवेश कुशारे ने हाई जंप और गुलवीर सिंह ने पुरुष 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। गुलवीर राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट भी बने।
- पैरा एथलेटिक्स में शर्मिला धनखड़ ने महिलाओं की शॉट पुट F57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि शिल्पा के. शायला ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने भारत का पहला पदक दिलाते हुए कांस्य जीता था।
इतना ही नहीं, भारतीय मुक्केबाजों ने अब तक कुल चार पदक पक्के कर लिए हैं, जिनमें लवलीना बोरगोहेन, प्रीति पवार, प्रिया घंघास और जादूमणि सिंह शामिल हैं। बुधवार को पांच और मुक्केबाज रिंग में उतरेंगे और उनसे भी पदक की उम्मीदें की जा रही हैं।