मैदानों में तपिश बढ़ते ही सैलानियों ने पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया। इस वीकेंड पर हिल्सक्वीन शिमला के होटलों में आक्यूपेंसी सौ फीसदी पहुंच गई है। सैलानियों की आमद बढ़ने से शहर के होटलों में एडवांस बुकिंग में भी तेजी आई है। शिमला के अलावा भारी संख्या में सैलानी कुफरी और नारकंडा का भी रुख कर रहे हैं।
सैलानियों की आमद बढ़ने से शहर के पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। रोजाना भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। शिमला का मौसम सैलानियों को खासा रास आ रहा है। दिल्ली सहित अन्य मैदानी इलाकों में इन दिनों रिकार्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। गर्मी से निजात पाने के लिए सैलानी सपरिवार शिमला पहुंच रहे हैं।
दिल्ली से शिमला आने वाली लग्जरी बसें और ट्रेन इन दिनों पैक चल रही हैं। सर्कुलर से मालरोड को जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट में भारी रश चल रहा है। हालांकि नई लिफ्ट के चलते सैलानियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। मालरोड और रिज मैदान पर भी सैलानियों की रौनक है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने कहा कि वीकेंड पर शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी चल रही है। वीकेंड में भी 70 से 80 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी है। एडवांस बुकिंग में भी इजाफा होना शुरू हो गया है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने टूरिस्ट सीजन के मद्देनजर शहर की प्रतिबंधित सड़कों को पर्यटक वाहनों के लिए खोलने के फैसले का स्वागत किया है। संजय ने सरकार का आभार जताते हुए कहा है कि इस फैसले से शिमला आने वाले सैलानियों को बड़ी राहत मिलेगी। समर टूरिस्ट सीजन के दौरान शिमला आ रहे सैलानियों को होटलियर शहर के दर्शनीय स्थलों को लेकर जागरूक करेंगे।