दरअसल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पेरिस से रवाना होकर करीब ढाई बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राजस्थान के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। यहां से वे सीधे आमेर किले पहुंचे, जहां राजस्थानी संस्कृति के अनुसार उनका स्वागत किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने जयपुर के जंतर-मंतर पहुंचकर राष्ट्रपति मैक्रों को रिसीव किया। इस दौरान दोनों नेता एक दूसरे के गले मिलते नजर आए। मोदी और मैक्रों ने जंतर-मंतर को घूमा, और वहां बने सम्राट यंत्र को भी देखा।
पीएम मोदी और मैक्रों के रोड शो की झलकियां...
मोदी और मैक्रों का रोड शो त्रिपोलिया गेट से शुरू हुआ। इस दौरान रास्ते में मौजूद लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए और फूल भी बरसाए। सांगानेरी गेट पर रोड शो खत्म हुआ।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने हवा महल देखा। इस दौरान मैक्रो ने हवा महल को लेकर कुछ सवाल भी पूछे।
रोड शो के बाद पीएम मोदी ने मैक्रों को राम मंदिर का मॉडल गिफ्ट में दिया, जिसे उन्होंने यूपीआई पेमेंट कर 500 रुपये में खरीदा था।
दोनों नेता जयपुर की प्रसिद्ध साहू की चाय की दुकान पर रुके। यहां उन्होंने करीब 10 मिनट रुककर चाय का आंनद लिया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों को चाय के बारे में जानकारी दी। इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने UPI पेमेंट कर चाय का भुगतान किया।
यहां से पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों डिनर के लिए होटल रामबाग पैलेस पहुंचे। यहां दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय चर्चा भी हुई।