पहले से शादीशुदा शख्स की रॉन्ग नंबर से दूसरी लव स्टोरी शुरू हो गई और लव मैरिज कर डाली। अलग रखा, बेटी हुई और अब इस लव स्टोरी का दर्दनाक अंत हो गया। घटना, रायगढ़ की है। एक शख्स ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ 10 महीने की बच्ची का कत्ल कर दिया और खुद भी जान दे दी।
घरघोडा ब्लाक के ग्राम रेंगालबहरी में दिल दहलाने वाली ये घटना 15 अगस्त को देर रात हुई। पुलिस ने बताया कि पहले से शादीशुदा शिवकुमार चौहान चार साल पहले रामपुर में आटो चलाता था। इस दौरान एक गलत नंबर के चलते वह एक महिला के संपर्क में आया और उससे प्यार कर बैठा। दूसरी शादी रचाई, इससे उसके एक बेटी भी हुई।
पिछले कुछ दिन से पत्नी के चरित्र पर शक के चलते दोनों में विवाद था। मंगलवार देर रात विवाद ज्यादा गर्माया तो आरोपी ने दूसरी पत्नी और 10 माह की बच्ची खुशी की गला दबाकर हत्या कर दी।इनकी लाश ऑटो में डाल दिया। इसके बाद वह अपनी पहली पत्नी की भी हत्या करने के इरादे से गया, लेकिन वह जग गई और शोर मचा दिया। आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद पड़ोसियों ने जब ऑटो में मां-बेटी के शव को देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी।
इससे पहले कि पुलिस आरोपी को खोज पाती किसी ने गांव के बाहर पेड़ पर आरोपी शिवकुमार चौहान के द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी।पुलिस पहुंची तो आरोपी फांसी लगाकर खुदकुशी कर चुका था। पुलिस ने आरोपी शिवकुमार चौहान, उसकी पत्नी लक्ष्मी चौहान और बेटी खुशी के शव को पंचनामे के बाद पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया।घटना के बाद एफएसएल अधिकारियों की टीम मौके के लिए रवाना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।