मध्यप्रदेश के आदिवासी इलाके शहडोल के मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा वस्त्रकार को हाल ही में महिलाओं के आईपीएल के लिए मुंबई की टीम ने एक करोड़ 90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया है। इसके बाद से एक बार फिर पूजा चर्चा में है। वह इलाके के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक रोल मॉडल बन चुकी है। शहडोल की पूजा इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम के साथ हैं। वहां टी-20 वर्ल्ड कप खेल रही है।
भारतीय टीम की नियमित खिलाड़ी बन चुकी पूजा बचपन से क्रिकेट की दीवानी थी। शुरुआत उसने टेनिस बॉल से खेलकर की। क्रिकेट के प्रति झुकाव बढ़ा तो उसने प्रोफेशनल क्रिकेट की ओर कदम बढ़ाए। आज वह अपनी मेहनत और लगन के बल पर शहडोल जैसे आदिवासी इलाके से भारतीय टीम का सफर पूरा कर चुकी है।
2 of 4
पूजा वस्त्रकार
- फोटो : अमर उजाला
स्टेडियम में ही दिख गई थी खेल की लगन
पूजा के बचपन के कोच आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआत में क्रिकेट को लेकर शहडोल में बहुत कुछ नहीं था। उस समय शहडोल एक जिला था। जिला मुख्यालय के इसी स्टेडियम में सुबह क्रिकेट अकादमी का सेशन चलता था। वहां देखा कि एक लड़की टेनिस बॉल से खेल रही है। लंबे-लंबे छक्के लगा रही है। उसके खेल को देखकर मैं काफी प्रभावित हुआ। मैंने उसे बोला कि हमारे साथ खेलना चाहती हो, लेकिन लड़कों के साथ खेलना पड़ेगा। उसने कहा खेलूंगी। मैंने कहा कि ठीक है, कल से जॉइन करो। वह बोली कि नहीं, मैं आज ही जॉइन करूंगी। वह दिन था और आज का दिन है। उसके बाद पूजा ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। शुरुआत में उसके घर में कुछ समस्याएं आई थी। एक महीने का गैप लिया था। उसके बाद से मुझे याद नहीं कि पूजा कभी भी एक भी दिन इस मैदान में प्रैक्टिस में न आई हों। उसने रेगुलर प्रैक्टिस की और उसका परिणाम आप देख ही रहे हैं कि आज वह कहां पहुंच चुकी हैं।
3 of 4
पूजा वस्त्रकार के साथ प्रैक्टिस करते अन्य खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
पूजा का इंटरनेशनल करियर
इंटरनेशनल क्रिकेट करियर पर नजर डालें तो पूजा ने दो टेस्ट मैच में पांच विकेट लिए हैं। 26 वनडे मैच में 20 विकेट हासिल किए हैं। 43 टी-20 मैच में 28 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी की बात करें तो दो टेस्ट मैच में 37 रन हैं। 26 वनडे मैच में 463 रन हैं। 43 टी-20 मैचों में 257 रन हैं। इसमें बेस्ट स्कोर 37 रन नाबाद है।
4 of 4
पूजा का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
प्रीमियर लीग बनेगा बड़ा मंच
वीमंस प्रीमियर लीग शुरू हो रहा है। शहड़ोल संभाग की भी लड़कियां बहुत अच्छा क्रिकेट खेलती हैं। आशुतोष श्रीवास्तव कहते हैं कि संभाग में पूजा के सिलेक्ट होने के बाद से गर्ल्स क्रिकेट का भविष्य बहुत अच्छा हुआ है। यहां क्रिकेट में बहुत सुधार हुआ है। कई लड़कियां मध्यप्रदेश की टीम में भी रेगुलर खेल रही हैं। पूजा की वजह से और वीमंस प्रीमियर लीग शुरू होने से अब यह हो गया है कि वीमंस क्रिकेट को काफी हाइप मिलेगा।