विवादित बयानों और बेबाकी से बात रखने वाले बाबा बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र शास्त्री मध्यप्रदेश के कटनी जिले पहुंचे हैं। वे यहां विधायक संजय पाठक के रिसॉर्ट में होने वाले तीन दिवसीय समागम कार्यक्रम में शामिल होंगे। पं. धीरेंद्र शास्त्री देर रात साढ़े 10 बजे बिरुहली पहुंचे, इस दौरान विधायक संजय पाठक ने अपनी पत्नी, बेटा, बेटी और माता निर्मला पाठक के साथ उनका विशेष रूप से स्वागत किया। घने वन के बीच आयोजित इस तीन दिवसीय समागम में करीब 150 परिवारों को धार्मिक और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
कटनी पहुंचने पर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने मीडिया से बातचीत कर कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदुओं को काफी पहले जाग जाना चाहिए था। उनके सोने के कारण रामचरित मानस को जलाया गया, मंदिरों को तोड़कर मस्जिदें बनाई गईं, भगवान श्रीराम के होने के सबूत कोर्ट में मांगे गए। हिंदू सोया हुआ था, लेकिन देर आए दुरुस्त आए, अब उन्हें जगाना है।
2 of 4
कटनी में पं. धीरेंद्र शास्त्री।
- फोटो : Amar Ujala
हिंदुओं का गोल्डन टाइम चल रहा है
बाबा बागेश्वर लगातार हिंदुओं के 4 से 5 बच्चे होने की बात कहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि एक बच्चा हो, उसका कोई परिवार न हो, ऐसे में उस बच्चे के साथ कुछ होता है तो पूरा वंश खत्म हो जाएगा। अब चाचा, बुआ, मौसी जैसे रिश्ते नहीं हैं, इसलिए 4 बच्चे पैदा करने की बात कही थी। लेकिन, उनकी संख्या से ज्यादा गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि मस्जिदों को तोड़ा नहीं जा रहा, बल्कि बाबर, चंगेज खान, औरंगजेब के समय जिन मंदिरों को तोड़कर मस्जिदें बनाई गई थीं। अब कानून और सर्वे के आधार पर ऐसे मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा करवाई जा रही है। यह हिंदू युग का गोल्डन टाइम है। हम कहते हैं कि अगर किसी को हमारे मंदिरों से दिक्कत हो तो वो जांच कर ले।
3 of 4
कटनी में पं. धीरेंद्र शास्त्री।
- फोटो : Amar Ujala
यात्राएं और लगातार होते समागम से हिंदू कब तक जाग जाएंगे?
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह सन 57 की तलवार पुरानी थी, जहां 100 साल अंग्रेजों से लड़ने में लगाए गए, राज किया और 500 साल राम मंदिर को पाने में लगे। 100 साल तो लगेंगे हिंदू को जगाने में। मैं कोई हिंदू हृदय सम्राट नहीं बनाना चाहता, न कोई नेता, मैं बस हिंदुओं में चिंगारी जगाना चाहता हूं। हिंदू राष्ट्र की यात्रा प्रारंभ हो चुकी है, झंडा कोई भी उठाए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें हिंदू एक चाहिए, भारत एक चाहिए, सनातन एक चाहिए और देश विरोधियों को सबक सिखाना चाहिए।
4 of 4
कटनी में पं. धीरेंद्र शास्त्री।
- फोटो : Amar Ujala
प्रयागराज में गैर सनातन पर बैन
प्रयागराज महाकुंभ में मुस्लिमों पर बैन लगाने वाले बयान पर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हम किसी को मना नहीं करते, लेकिन कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे। मूत्र कांड, थूक कांड नहीं करें और सिर्फ बिजनेस न करें, हिंदू की आस्था को भी समझेंगे। हम चाहते हैं वे आएं और हमारी संस्कृति को समझें। जब वे महाकुंभ, शाही स्नान, त्रिवेणी नहीं जानते तो वहां क्या करने आएंगे? सिर्फ बिजनेस करने, ऐसा हम कभी नहीं होने देंगे। हम कभी नहीं बोलते कि मुस्लिम न आएं, हम तो बोलेंगे सभी आएं। लेकिन, गैर सनातनियों का यहां कोई काम नहीं। वहीं, प्रयागराज में लगे 'डरोगे तो मरोगे' के पोस्टर पर कहा कि यह तो अच्छा है, यह लोगों को हिम्मत देने वाली बात है।