हमारे पीठ का निचला हिस्सा बहुत ही संवेदनशील माना जाता है। जीवनशैली और पॉश्चर की गड़बड़ी के कारण पिछले कुछ वर्षों में, विशेषकर कोरोना के दौरान लगे लॉकडाउन और वर्क फ्रॉम होम के कारण लोगों को पीठ के निचले हिस्से में दर्द की समस्याओं का अधिक सामना करना पड़ा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इस तरह का कमर दर्द न केवल हमारी उत्पादकता को प्रभावित करती है साथ ही दैनिक जीवन के कामकाज पर भी नकारात्मक असर डाल सकती है। कई लोगों में यह समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि उनके लिए ऑपरेशन तक की नौबत आ सकती है।
आज का योग: क्या आप भी पीठ के निचले हिस्से में दर्द से रहते हैं परेशान? यह तीन योगासन हैं बेहद फायदेमंद
बालासन योग का अभ्यास
योग विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों को पीठ के निचले हिस्से में दर्द की समस्या बनी रहती है, ऐसे लोगों के लिए बालासन या चाइल्ड पोज योग का अभ्यास करना विशेष लाभदायक हो सकता है। इस योग का नियमित अभ्यास जांघ, कूल्हों और लसीका तंत्र के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। कमर की मांसपेशियों में रक्त के संचार को बढ़ाने और उन्हें आराम दिलाने में इस योग को फायदेमंद माना जाता है।
सेतुबंधासन योग
कमर दर्द या पीठ के निचले हिस्से में दर्द की समस्या को दूर करने के लिए सेतुबंधासन योग का अभ्यास करना भी फायदेमंद माना जाता है। पीठ और पैर की तमाम मांसपेशियों की सक्रियता को बढ़ाने के साथ दर्द से राहत देने में इस योग को करना फायदेमंद हो सकता है। रीढ़ की हड्डी को फैलाने और ग्लूटस की मांसपेशियां और हैमस्ट्रिंग को भी स्वस्थ रखने में इस योग के अभ्यास को लाभदायक माना जाता है।
कोबरा पोज का अभ्यास
कोबरा पोज या भुजंगासन योग को कई तरह की समस्याओं में फायदेमंद माना जाता है। विशेषकर जिन लोगों को पीठ और कमर में अक्सर दर्द की समस्या बनी रहती है, ऐसे लोगों के लिए कोबरा पोज का अभ्यास करना विशेष लाभदायक हो सकता है। तनाव और थकान को दूर करने के साथ रक्त के सही संचरण को सुनिश्चित करने में भी इस योग के अभ्यास को फायदेमंद माना जाता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।