आजकल काम का बोझ, नींद पूरी न होने या अन्य कई कारणों से लोगों को सिरदर्द की शिकायत हो जाती है। सिरदर्द या माइग्रेन की परेशानी से जो लोग पीड़ित होते हैं उनको ही पता होता है कि जब सिरदर्द होता है तो आपका मन मस्तिष्क कितना तकलीफ में होता है। कई लोगों को तो अक्सर ही सिरदर्द की शिकायत रहती है। ऐसे में वह हाई पावर की दवाएं खाने लगते हैं। दवा का असर होने तक तो वह ठीक रहते हैं पर जैसे ही दवा का असर कम होता है, सिर दर्द बढ़ जाता है। ऐसे में आपको दवाओं से ज्यादा अगर कुछ कारगर उपाय सिरदर्द में मदद करेगा, तो वह योगासन है। नियमित योगासन से सिरदर्द की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। सिरदर्द से लड़ने के लिए शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को योग बेहतर बनाने का काम करते हैं। चलिए जानते हैं ऐसे चार योगासन के बारे में जो सिरदर्द से राहत दिला सकते हैं।
Yoga Tips: सिरदर्द से रहते हैं परेशान तो जल्द आराम पाने के लिए करें ये चार योगासन
बालासन
बालासन दिमाग को शांत रखने में मदद करता है। इस आसन को करने के लिए वज्रासन मुद्रा में बैठ जाएं। सांस को अंदर लें और दोनों हाथों को सीधा सिर के ऊपर ले जाएं। अब सांस बाहर की ओर छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें। हथेलियों और सिर को जमीन पर टिका लें। अब सांस अंदर बाहर करते हुए उंगलियों को आपस में जोड़ें और सिर को दोनों हथेलियों के बीच में धीरे से रखें।
सेतु बंधासन
इस आसन ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करता है। इस आसन को करने के लिए पीठ के बल लेट कर अपने पैरों के घुटने को मोड़ते हुए पैर फर्श पर टच करवाएं। अब हाथों की मदद से शरीर को ऊपर की ओर उठाएं। अब पीठ और जांघों को फर्श से आसमान में उठाते हुए गहरी सांस लें और बाहर छोड़ें। इस अवस्था में कुछ देर रहने के बाद पहले वाली स्थिति में आ जाएं।
पदंगुष्ठासन
इस योगासन को करने के लिए अपने दोनों पैरों के बीच थोड़ी दूरी बना कर खड़े हो जाएं। अब धीरे-धीरे कमर के बल नीचे की ओर झुकें। दोनों पैरों के अंगूठे को अपने हाथ से पकड़े। घुटने को नीचे जाने भर तक मोड़ सकते हैं। इस पोज में कुछ देर खड़े रहें। ये आसन आपके मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने में मदद करता है।
पश्चिमोत्तानासन
इस आसन को करने के लिए जमीन पर बैठकर अपने पैरों को सामने की तरफ फैलाएं। अब सांस लेते हुए शरीर को आगे ले जाएं और अपने हाथों से पैर के अंगूठे को पकड़ने की कोशिश करें। अपने शरीर को आगे ले जाएं और सिर को घुटनों पर लगाने का प्रयास करें।
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।