क्रिसमस और नए साल की छुट्टियां आने वाली हैं, पर्यटन के दृष्टिकोण से ये समय सबसे उपयुक्त हो सकता है। क्या आप भी इसी का इंतजार कर रहे हैं? इन छुट्टियों में किसी ऐसी जगह जाने की योजना बना रहे हैं जो आपके परिवार-साथियों के लिए यादगार रहे? अगर आप भी वन्य जीवों, प्राकृतिक दृश्यों और जंगलों की शैर करने के शौकीन हैं तो हम इस लेख में आपको ऐसे ही कुछ टाइगर सफारी के बारे में बताने जा रहे हैं जहां घूमने जाने की योजना बनाकर आप इन छुट्टियों को आनंद और रोमांच से भर सकते हैं।
Tiger Safari: क्रिसमस-नए साल की छुट्टियों को बनाना चाहते हैं यादगार, करिए टाइगर सफारी की प्लानिंग
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश
भारत के मध्य में स्थित, बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान देश में बाघों की सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है। पार्क का विविध भूभाग, घने जंगलों से लेकर खुले घास के मैदानों तक, इन राजसी प्राणियों के लिए आदर्श आवास प्रदान करता है। आप यहां जीप से सफारी पर जा सकते हैं। इसके अलावा आप यहां प्राचीन बांधवगढ़ किले का भी सैर कर सकते हैं। आपके वन्य जीवन के अनुभव में यह ऐतिहासिक आयाम जोड़ने वाली यात्रा हो सकती है।
रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान, राजस्थान
राजस्थान स्थित रणथंभौर अपने ऐतिहासिक किले और बाघों के लिए प्रसिद्ध है। झीलों और प्राचीन खंडहरों सहित पार्क के सुरम्य परिदृश्य इसे फोटोग्राफरों के लिए आनंददायक बनाते हैं। अगर आप भी फोटोग्राफी के शौकीन हैं तो यहां के यात्रा की योजना जरूर बनाएं। आप यहां जीप और कैंटर की सवारी कर सकते हैं। भव्य रणथंभौर किले की पृष्ठभूमि में बाघों, तेंदुओं और विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों के साथ आपको नजदीक का अनुभव प्रदान करते हैं।
जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, उत्तराखंड
जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, भारत के सबसे पुराने राष्ट्रीय उद्यानों में से एक है। यहां पर्यटकों की भारी भीड़ हमेशा देखी जा सकती है। हिमालय की तलहटी में स्थित, यह टाइगर सफारी के लिए उपयुक्त स्थान हो सकता है। यह पार्क न केवल बंगाल टाइगरों का घर है, बल्कि विविध प्रकार की वनस्पतियों और जीवों का भी खजाना है। यहां की सफारी आपको रोमांच से भर देगी।
कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश स्थित कान्हा नेशनल पार्क वन्य जीवन से भरपूर जंगल वाला क्षेत्र है। हरे-भरे बांस के जंगल, घास के मैदानों से घिरे हुए यहां के हिस्से टाइगर सफारी के लिए एक मनमोहक छवि प्रदान करते हैं। पार्क द्वारा किए जा रहे संरक्षण के प्रयासों के परिणामस्वरूप यहां बाघों की आबादी में वृद्धि हुई है, जिससे यह वन्यजीव को करीब से देखने वाले उत्साही लोगों के लिए घूमने योग्य स्थान बन गया है। आप भी यहां के सैर की प्लानिंग कर सकते हैं।