जब भी भारत में सबसे खूबसूरत स्थानों का जिक्र होता है, कश्मीर और इसकी खूबसूरती को अनदेखा नहीं किया जा सकता है। प्राकृतिक दृश्यों, पहाड़ियों और सर्दी के दिनों में बर्फ की चादर ओढ़े कश्मीर की सुंदरता देखते ही बनती है।
Kashmir Travel: सर्दियों में कश्मीर घूमने का अलग ही मजा, नए साल की छुट्टियों में इन खूबसूरत जगहों की करें सैर
गुलमर्ग का बर्फीला परिदृश्य
सर्दियों में कश्मीर घूमने जा रहे हैं तो गुलमर्ग जरूर जाएं। ठंड के मौसम में यहां का नजारा देखने लायक होता है। यह पूरे वर्ष भर मनोरम रहता है, लेकिन सर्दी आते ही यह शहर बर्फ से ढके वंडरलैंड में बदल जाता है। यहां की वादियां और दृश्य रोमांच से आपको भर देंगे। बर्फ के गोले आपको आनंदमय कर देंगी।
जमी हुई डल झील की खूबसूरती
सर्दियों के दौरान डल झील आंशिक रूप से जम जाती है, दिसंबर-जनवरी का महीना यहां की खूबसूरती में चार चांद लगी देती है। झील के आसपास का दृश्य आश्चर्यजनक और काफी मनोरम होता है, खासकर जब वे बर्फ से ढके हों। बर्फ से लदे पहाड़ों की पृष्ठभूमि में हाउसबोट देखने लायक होते हैं। डल झील की खूबसरती देखने के लिए विदेशी महमानों की भीड़ भी काफी देखी जाती रही है।
बर्फ की चादर ओढ़े पहलगाम की हरियाली
पहलगाम, भारत के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है, यहां का हरा-भरा परिदृश्य सर्दियों में बर्फ से ढक जाता है। यहां की बर्फबारी देखती ही बनती है। पहलगाम, जम्मू और कश्मीर का मशहूर हिल स्टेशन है। पर्वतीय पगडंडियां उत्तर-पूर्व में अमरनाथ गुफा मंदिर तक जाती हैं। वन्यजीव अभयारण्य भूरे भालू और कस्तूरी मृग सहित जानवरों का ये घर भी है।
बेताब घाटी की सुंदरता
जब आप सर्दियों में बेताब घाटी की यात्रा करते हैं, तो घाटी की जमीन और आसपास के पहाड़ों पर बर्फ की चादरें आपका स्वागत करेंगी। यह वास्तव में बेहद खूबसूरत दृश्यों वाला स्थान है। 1983 में सनी देओल और अमृता सिंह अभिनीत फिल्म बेताब की शूटिंग के बाद बेताब वैली को प्रसिद्धि मिली, वैसे इसे हाजन घाटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां घूमने जरूर जाएं।