Mussoorie Tour Guide : सर्दियों के मौसम में लोग हिल स्टेशन पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने और प्राकृतिक नजारों की सुंदरता के बीच छुट्टी बिताने के लिए जाना पसंद करते हैं। नया साल आने वाला है, ऐसे में लोग नए साल की छुट्टियों या जनवरी में वीकेंड पर किसी हिल स्टेशन पर घूमने की योजना बना रहे होंगे। जो लोग बर्फबारी या पहाड़ देखना पसंद करते हैं, वह सबसे पहले शिमला-मनाली की ओर रुख करते हैं। हालांकि पीक सीजन होने के कारण जनवरी फरवरी में हिल स्टेशनों पर काफी भीड़ होती है, साथ ही लोकप्रिय पर्यटन स्थल होने के कारण हिल स्टेशन महंगे भी हो जाते हैं। ऐसे में प्राकृतिक नजारों का लुत्फ भीड़ भाड़ से दूर शांत माहौल में लेना चाहते हैं और बजट में ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो पहाड़ों की रानी मसूरी की ओर रुख कर सकते हैं। मसूरी में भी बहुत बेहतरीन पर्यटन स्थल हैं। शिमला-मनाली की तुलना में मसूरी सस्ता और कम समय में घूमने लायक हिल स्टेशन है। आइए जानते हैं मसूरी के सबसे लोकप्रिय दार्शनिक स्थल, जहां पर्यटकों को जरूर जाना चाहिए।
Mussoorie Tour Guide: मसूरी की सबसे मशहूर और खूबसूरत जगहें, दो दिन के सफर में घूम सकते हैं आप
दलाई हिल्स
मसूरी घूमने जा रहे हैं तो अपनी यात्रा सूची में दलाई हिल्स को जरूर शामिल करें। इसे बुद्धा टेंपल के नाम से भी जाना जाता है। मसूरी के हैपी वैली के पास स्थित दलाई हिल्स की सैर करना आपके लिए एक अलग ही तरह का रोमांच होगा। दलाई हिल्स में आपको लगभग एक किलोमीटर की ट्रैकिंग करनी पड़ती है, जो काफी मजेदार होती है। अपने स्पोर्ट्स सूज तैयार रखें और मसूरी की हरियाली को देखते हुए चढ़ जाएं। ऊपर बुद्ध की एक खूबसूरत प्रतिमा देखने को मिलेगी। यहां फोटोशूट कराना न भूलें। ऐसे नजारे आपको मुश्किल से ही मिल सकते हैं। नीचे वापसी में बाईं तरफ बौद्ध मंदिर भी है, जहां आप शांत माहौल में पहाड़ी नजारों को देख सकते हैं।
कैंपटी फॉल
मसूरी की सबसे प्रसिद्ध जगहों पर यहां के झरने हैं। कैंपटी फॉल मसूरी का मशहूर झरना है, जिसकी सुंदरता आपको अपनी ओर आकर्षित करेगी। कैंपटी फॉल हैप्पी वैली से लगभग 13-14 किलोमीटर की दूरी पर है। आप टैक्सी या टू व्हीलर किराए पर लेकर कैंपटी फॉल के सफर पर निकल सकते हैं। पार्किंग से नीचे कैंपटी फॉल तक आपको पैदल रास्ता मिलेगा। चाहें तो रोप वे के जरिए भी जा सकते हैं। सर्दी में आप इस झरने में नहा तो नहीं पाएंगे, लेकिन फोटो क्लिक करा सकते हैं या मजेदार रील बना सकते हैं।
धनोल्टी
मसूरी से लगभग 55-60 किलोमीटर की दूरी पर धनोल्टी है। दो घंटे का सफर तय करके आप धनोल्टी पहुंच जाएंगे। रास्ते में आपको कई व्यू पॉइंट मिलेंगे, जहां दोस्तों, पार्टनर या बच्चों के साथ फोटो क्लिक करा सकते हैं। रास्ते में सुंदर कैफे हैं, जहां लजीज स्नैक्स का लुत्फ उठा सकते हैं। धनोल्टी एडवेंचर एक्टिविटी और स्पोर्ट्स के लिए मशहूर है। इसके अलावा धनोल्टी में इको पार्क है, जिसका टिकट 50 रुपये का है। इस पार्क में हरियाली, सुंदर नजारे, बच्चों के लिए झूले मिलेंगे।
सुरकंडा माता मंदिर
घूमने के लिए आप मसूरी का सुरकंडा देवी मंदिर जा सकते हैं। धनोल्टी जाने के रास्ते में सुरकंडा देवी मंदिर पड़ेगा। यह मंदिर एक पहाड़ी पर स्थित है, जहां आपको पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। हालांकि दो से तीन किलोमीटर की ये चढ़ाई करना नहीं चाहते तो पर्यटकों के लिए रोप वे की सुविधा भी है। नीचे से सुरकंडा मंदिर तक जाने के लिए रोप वे के दोनों तरफ का टिकट 205 रुपये है। प्रसाद नीचे से ही ले जा सकते हैं। मंदिर परिसर बहुत ही शानदार बना है। ध्यान रखें कि पहाड़ी पर होने के कारण यहां सर्दी काफी होती है, इसलिए अपने साथ ऊनी टोपी और गरम कपड़े जरूर रखें। ऊपर ठंडी हवाओं के बीच माता का मंदिर, बेहद सुंदर शिवलिंग और अन्य मंदिर भी बने हैं।