घूमने का शौक रखते हैं तो इस बार आपके लिए भारतीय रेलवे शानदार टूर पैकेज लेकर आया है। भारतीय रेलवे अक्सर ही पर्यटकों के लिए बेहतरीन पैकेज लाता है, जिसमें भारत की कई जगहों का भ्रमण कराया जाता है। इस दौरान लोगों को कई सारी सुविधाएं भी मिलती हैं जैसे खाने-पीने और ठहरने के लिए लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ती। आईआरसीटीसी एक निश्चित कीमत में आपको न केवल कुछ दिनों के टूर पर कई जगहों की सैर कराता है, बल्कि खाने-पीने और रहने का भी इंतजाम करता है। इसी कड़ी में इस बार आईआरसीटीसी एक शानदार टूर पैकेज लेकर आया है, जिसमें यात्रियों को मुंबई, गोवा और अजंता समेत कई पर्यटक स्थलों की सैर कराई जाएगी। अगर आप समुद्र के किनारे लहरों के बीच सुकून, गोवा में मस्ती, हैदराबाद और गुजरात में यादगार पल बिताना चाहते हैं तो आईआरसीटीसी के नए टूर पैकेज के बारे में जान लीजिए।
IRCTC Tour Package: रेलवे का शानदार ऑफर, सिर्फ इतने रुपये में करें मुंबई-गोवा समेत इन खूबसूरत जगहों की सैर
इस टूर पैकेज का नाम और शुरुआत की तारीख
रेलवे ने अपने इस नए टूर पैकेज को 'इंडियन मैगजीन ट्रैवल' नाम दिया है। इस पैकेज के तहत यात्री 23 मई 2022 से सफर की शुरुआत कर सकेंगे। 23 तारीख को त्रिवेंद्रम से दोपहर 12:05 बजे ट्रेन रवाना होगी।
कितने दिन का टूर?
आईआरसीटीसी का यह नया टूर पैकेज पूरे 12 दिन और 11 रात का होगा। इसमें रेलवे यात्रा के दौरान रहने के लिए यात्रियों के ठहरने का इंतजाम करेगी। साथ ही खाने-पीने के अलावा दार्शनिक स्थलों तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की जाएगी।
टूर पैकेज में इन जगहों की सैर
इस टूर पैकेज में रेलवे यात्रियों को मैसूर, अजंता, मुंबई, गुजरात में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, हैदराबाद, रामोजी, हंपी और गोवा की सैर कराएगा।
कहां से कहां तक का सफर?
यात्री अपने सफर की शुरुआत त्रिवेंद्रम से कर सकेंगे। यानी रेलवे का बोर्डिंग पॉइंट त्रिवेंद्रम, कोल्लम, कोट्टायम, एर्नाकुलम टाउन, त्रिशूर, ओट्टापलम, पलक्कड़ और इरोड होगा। यात्रा पूरी होने के बाद वापसी के बोर्डिंग पॉइंट कन्नूर, कोझिकोड, शोरानूर, त्रिशूर, एर्नाकुलम टाउन, कोट्टायम, कोल्लम, त्रिवेंद्रम होंगे।