Holi 2022: इस शहर में होता है 12 दिन का होली महोत्सव, जानिए परंपरा और मनाने का तरीका
कहां मनाया जाता है 12 दिवसीय होली महोत्सव?
राजस्थान के अजमेर में पुष्कर नाम का हिंदू तीर्थ स्थल है। भगवान ब्रह्मा का एकमात्र मंदिर पुष्कर में ही स्थित है। इसी तीर्थ नगरी में 12 दिवसीय होली महोत्सव की शुरुआत हुई है। यहां लाबेला होली मंडल के तत्वावधान में 7 मार्च से 18 मार्च तक पुष्कर के प्रधान वराह घाट चौक पर हर दिन होली उत्सव होगा।
पुष्कर में कैसे मनाया जाता है होली उत्सव?
इस दौरान 12 दिनों तक रोजाना संगीतमय प्रस्तुति, रंगारंग कार्यक्रम, राजस्थान का पारंपरिक गैरनृत्य डांडिया, चंग की थाप पर नृत्य आदि का आयोजन होता है। महोत्सव में शामिल होने के लिए स्थानीय लोगों के साथ देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं।
पुष्कर में होली मनाने की परंपरा
होली के मौके पर इस साल पुष्कर में ख्याति प्राप्त नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी का समूह कार्यक्रम करेगा। इसके बाद स्थानीय ढोल, सिंधी ढोल और नासिक के ढोलों पर पारंपरिक गैर नृत्य डांडिया का आयोजन मध्य रात्रि में होगा। 17 मार्च को होलिका दहन और 18 मार्च को विश्व प्रसिद्ध पुष्कर की होली खेली जाएगी।
पुष्कर की कपड़ा फाड़ होली
पुष्कर की होली एक और कारण से मशहूर है। यहां हर साल कपड़ा फाड़ होली खेली जाती है। हालांकि इस बार कोविड और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कपड़ा फाड़ होली का आयोजन होगा या नहीं, वह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।