रंग-बिरंगी चट्टानों और चारों तरफ फैले समुद्र के बीच है ये टापू, यहां की यात्रा देगी अनोखा अनुभव
जी, हां हम जिस जगह की बात कर रहें हैं वो है अंडमान द्वीप। कई सारे द्वीपों को मिलाकर बने इस प्रदेश में घूमने के लिए बहुत कुछ है। इन द्वीपों पर बहुत सारे बीच है जहां पर आप एकांत में समय गुजार सकते हैं। लेकिन इस द्वीप पर केवल बीच ही नहीं और भी बहुत सी जगहें हैं जिन्हें आप देख सकते हैं।
अंडमान और निकोबार की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में सबसे आकर्षक जगह हैं सेलुलर जेल। कई सौ साल पुरानी इस जेल का ऐतिहासिक महत्व बहुत ज्यादा है। अंग्रेजों के जमाने में किसी कैदी को काले पानी की सजा देने के लिए इस जेल में रखा जाता था।
अंडमान में घूमने की बहुत सारी जगहें हैं। इन्हीं में से एक है हैवलॉक द्वीप। चारों तरफ फैले समुद्र के बीचों बीच बसे इस टापू पर राधानगर बीच बहुत प्रसिद्ध है। यहां पर नीले चमकते पानी और रेत के बीच आप रोमांटिक समय बिताने के लिए अपने पार्टनर के साथ हनीमून मनाने आ सकते हैं। सफेद रेत और नीले पानी के बीच अस्त होते सूर्य को देखने का अनुभव आप पूरी जिंदगी नहीं भूल पाएंगे।
अंडमान की दुनिया को करीब से देखने के लिए बार्तांग द्वीप सबसे अधिक प्रसिद्ध है। यहां पर रहने वाले स्थानीय जनजातियों का समूह जारवा और उनके रहन-सहन को देखना अद्भुत होता है। यहां पर लाइमस्टोन गुफा और जंगलों के बीच से गुजरते समुद्र में बोटिंग करना एक अलग ही अनुभव देता है। यहां बनी गुफा और आदिवासियों जनजातियों के इतिहास और तथ्यों के बारे में सुनकर दांतों तले उंगुली दबाने को मजबूर हो जाएंगे।