Cheapest Hotels In Shimla Manali And Mussoorie: पर्यटक नए साल का जश्न मनाने के लिए घर से दूर किसी हिल स्टेशन पर जा रहे हैं। लोगों ने घूमने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। देश में बहुत सारे हिल स्टेशन है, जहां लोग एक जनवरी का जश्न मनाने जा रहे हैं। कुछ लोगों ने पहले से ही होटल की बुकिंग आदि करा ली है, वो वहीं कुछ लोग ऑनलाइन माध्यमों से होटल की तलाश कर रहे हैं। हालांकि पीक सीजन होने के कारण मनाली, शिमला और मसूरी में होटल की बुकिंग काफी महंगी हो गई है। लोगों को बहुत अधिक व्यय करके एक रूम मिल पा रहा है। कई पर्यटकों को तो सही लोकेशन और सभी सुविधाओं युक्त होटल मिल भी नहीं पा रहा। जिन होटलों में कमरे आम दिनों में एक से डेढ़ हजार रुपये में मिल जाते हैं, वहां सर्दियों और नए साल के मौके पर कमरे दोगुनी कीमत पर मिलते हैं। अगर आप भी शिमला, मसूरी या मनाली की ट्रिप पर जा रहे हैं तो आइए जानते हैं कि किस हिल स्टेशन पर होटल सस्ते मिलेंगे।
Cheapest Hotels: शिमला, मनाली और मसूरी के होटलों का किराया कितना है? जानें कहां मिल सकते हैं सस्ते होटल
शिमला के होटल के रेट
हिमाचल प्रदेश का सबसे मशहूर और खूबसूरत हिल स्टेशन शिमला को माना जाता है। यहां बहुत अधिक संख्या में पर्यटक हर साल नए साल का जश्न मनाने के लिए पहुंचते हैं। शिमला में शहर से दूर होटल डेढ़ से दो हजार रुपये की कीमत में मिल जाएंगे। हालांकि क्रिसमस के समय जिन होटलों में कमरे डेढ़ हजार रुपये में मिल रहे थे, वह नए साल में 3500 में पहले से ही बुक हो चुके हैं। वहीं अगर शिमला माल रोड या शहर के आसपास होटल में बुकिंग करते हैं तो 4-5 हजार रुपये से ज्यादा में कमरा मिल रहा है। इस समय शिमला के होटल का किराया बहुत अधिक है।
मनाली के होटल का किराया
कुल्लू मनाली में भी नए साल पर होटल काफी महंगे मिल रहे हैं। इस समय मनाली में प्रवेश करते ही जिन होटलों में 2 से 3 हजार रुपये में ठहर सकते हैं, वहां पर्यटकों को 5-6 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ सकता है। वहीं मनाली बीच शहर में, सोलांग के आसपास के होटल आपको 5 हजार से अधिक की कीमत में मिलेंगे। हालांकि जिन लोगों ने पहले से होटल में बुकिंग कर के रखी है, उन्हें कुछ रियायत मिल सकती है।
मसूरी होटल का खर्च
उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी में अन्य हिल स्टेशनो का तुलना में कम भीड़ होती है। इस सीजन में मसूरी के होटलों का किराया बढ़ गया है। अगर आप मसूरी माल रोड या लाइब्रेरी चौक के पास स्थित होटल में रहना चाहते हैं तो सामान्यत: आपको ढाई हजार रुपये से अधिक कीमत में कमरे मिल जाएंगे। तुलना में होम स्टे सस्ता मिल सकता है लेकिन 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए पहले से ही होम स्टे, होटलों में बुकिंग हो गई है, जिसकी कीमत 3 हजार से ज्यादा ही है। बजट में होटल के कमरा बुक करने के लिए हैप्पी वैली के होम स्टे या होटल बुक कर सकते हैं।
कहां मिलेंगे सस्ते होटल?
शिमला और मनाली की तुलना में मसूरी के होटल कम कीमत में मिल सकते हैं। हालांकि ध्यान रखें कि होटल किसी भी हिल स्टेशन पर बुक कर रहे हों, पर बीच शहर या पर्यटन स्थल के नजदीक न हों। बल्कि शहर से एक डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर हों। थोड़ा दूरी पर स्थित होटल सस्ते होते हैं। इसके अलावा होम स्टे, पीजी, हाॅस्टल, कैंप साइट होटल रूम से कम कीमत में मिल सकते हैं।