वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को देश का बजट पेश किया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत कई क्षेत्र की भावी योजनाओं की चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने सड़क से लेकर रेलवे और जलमार्ग से लेकर हवाई अड्डों तक के विकास की बात की। आने वाले समय में सरकार ने इन क्षेत्रों के विकास का खाका तैयार किया है, जिसकी चर्चा वित्त मंत्री ने बजट में की। आइए, जानते हैं कि भविष्य में सरकार के इन कदमों किस तरह देश के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा:
बजट 2020: जब बनेंगे 100 नए एयरपोर्ट तो बढ़ेगा पर्यटन, जलमार्ग से लेकर रेलवे तक ऐसे विकास करेगी सरकार
बनेंगे 100 नए एयरपोर्ट
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने ट्रांसपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए एक लाख 70 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। हमारे समुद्री बंदरगाहों को और दक्ष बनाने की आवश्यकता है। उड़ान योजना के तहत 2024 तक 100 और एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये नए एयरपोर्ट कहां—कहां बनवाए जाएंगे, लेकिन इतना तो तय है कि कई छोटे—बड़े शहर हवाई सेवा से जुड़ जाने के कारण पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।
राजमार्गों का विकास
कई राज्यों के पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी सड़क मार्ग से है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वित्त मंत्री ने बजट भाषण के दौरान कहा कि आने वाले समय में राजमार्गों के तेजी से विकास पर ध्यान दिया जाएगा।
- पहुंच नियंत्रण राजमार्ग- 2500 किलोमीटर
- आर्थिक गलियारा- 9000 किलोमीटर
- तटीय और भूमि पत्तन सड़कें- 2000 किलोमीटर
- रणनीतिक सड़कें- 2000 किलोमीटर
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के अलावा दो अन्य पैकेज 2023 तक पूरे हो जाएंगे।
- इसके साथ ही चेन्नई-बेंगलूरू एक्सप्रेस-वे की शुरूआत होगी।
- 6000 किलोमीटर से अधिक की लंबाई वाले 12 राजमार्गों के मुद्रीकरण का भी प्रस्ताव है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में रेलवे के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि देश के महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थलों के बीच ज्यादा तेजस ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे पर्यटकों और श्रद्धालुओं को लाभ होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि हम रेल पटरियों के आसपास की जमीन पर बड़ी सोलर पावर कैपेसिटी बनाएंगे। पीपीपी मोड से ही 4 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। 100 दिनों में 500 स्टेशनों पर वाईफाई की सुविधा दी गई है।