Braj Ki Holi 2025: ब्रज की होली दुनिया में सबसे अनोखी और भव्य होती है। यहां होली में हर गली, मंदिर और चौक में रंगों और भक्ति का अद्भुत मेल देखने को मिलता है। यही वजह है कि हर साल हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस रंगारंग उत्सव का हिस्सा बनने आते हैं। होली के काफी दिन पहले से ही मथुरा, वृंदावन, बरसाना, नंदगांव, गोकुल और गोवर्धन में होली अलग-अलग रूपों में मनाई जाती है, जो इसे विशेष बनाती है।
Braj Ki Holi 2025: दुनिया भर में प्रसिद्ध है ब्रज की होली, आप भी इस तरह से बनाएं मथुरा-वृंदावन जाने का प्लान
यदि आप भी इस बार ब्रज की होली में शामिल होना चाहते हैं तो पहले से प्लान करके ही मथुरा जाएं। यहां हम आपको इस बारे में बताने जा रहे हैं कि होली पर मथुरा जाने की प्लानिंग कैसे करें।
मथुरा कैसे पहुंचे ?
ब्रज में होली खलने जाना है तो सबसे पहले ये जान लें कि मथुरा कैसे जाना है। इसके लिए आपको दिल्ली और आगरा दोनों जगहों से सीधे वाहन मिल जाएंगे। बात करें दिल्ली की तो दिल्ली से मथुरा की दूरी लगभग 183 किलोमीटर है, जिसे यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से ढाई से तीन घंटे में तय किया जा सकता है।
दिल्ली से मथुरा के लिए नियमित बस सेवाएं उपलब्ध हैं, जिसका किराया 200 रुपये के अंदर ही होगा। दिल्ली से मथुरा के लिए कई ट्रेनें उपलब्ध हैं। अपनी पसंद के हिसाब से ट्रेन चुनकर आप अपना टिकट बुक करा सकते हैं।
वहीं अगर बात करें आगरा से मथुरा की दूरी की तो आगरा जिले से मथुरा महज 56 किलो मीटर दूर है। मथुरा जाने के लिए आपको आगरा से हर समय बस मिल जाएंगी। ये दूरी ज्यादा नहीं है, ऐसे में सरकारी बसों में भी सफर करके मथुरा जा सकते हैं।
कहां ठहरें ?
ब्रज में होली खेलने जा रहे हैं तो सबसे पहले अपने रुकने का इंतजाम कर लें। होली के समय यहां होटल और धर्मशालाएं पूरी तरह से बुक होती हैं। यदि खाली मिलेंगी तो इनके चार्ज काफी ज्यादा होते हैं। इसलिए पहले से ही अपने लिए होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशाला में कमरा बुक करा लें।
अगर कम खर्च करना चाहते हैं तो 500 से 1000 रुपए खर्च करके भी आप प्रति रात के लिए कमरा ले सकते हैं। धर्मशालाओं और गेस्ट हाउस में तो आपको 200 से 500 रुपये में रात गुजारने को मिल जाएगी।
कैसे घूमें
मथुरा की गलियां काफी संकरी हैं। ऐसे में हर जगह ओटो, कैब या गाड़ी से नहीं घूमा जा सकता। इसके लिए एक स्कूटी को रेंट पर ले लें। ताकि आप कम बजट में मथुरा से लेकर बरसाना, वृंदावन, गोकुल या गोवर्धन जा सकें।
यदि परिवार के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं तो लोकल ऑटो को पूरे दिन के लिए बुक कर लें। वो आपको सभी जगहों पर घुमा लाएंगे। अगर बार-बार ऑटो बदलेंगे तो हो सकता है कि आपके ज्यादा पैसे खर्च हो जाएं।
खानपान और अन्य खर्चे
पूरे ब्रज में खाना-पीना महंगा नहीं है। इसके लिए स्थानीय भोजनालयों में एक व्यक्ति का भोजन लगभग 100 से लेकर 300 रुपये तक में हो सकता है। खाने-पीने का खर्चा पूरी तरह से आपपर ही निर्भर करता है। यदि आप छोटे-छोटे ढाबों पर खाएंगे तो आपको स्वादिष्ट खाना भी मिलेगा और पैसे भी बच जाएंगे।