सोशल मीडिया को भले ही अनजान लोगों से जुड़ने का सबसे सरल माध्यम माना जाता हो, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही माध्यम आपकी निजी संबंधों में दरार का कारण भी बन सकता है। सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा समय बिताने से आपके निजी संबंध खराब हो सकते हैं। विशेषरूप से यदि आप शादीशुदा हैं, या लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं तो आपको और ज्यादा सतर्क हो जाने की जरूरत है।
आइए जानते हैं कि आखिर ऐसे कौन से कारण हैं जो आपके रिश्तों को खराब कर रहे हैं साथ ही क्या करके इस तरह की समस्याओं से बचा जा सकता है?
सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा समय बिताने के नुकसान
सोशल मीडिया ऐसा टूल है जिसपर आपका समय बहुत तेजी से बीतता रहता है। इसका बहुत ज्यादा इस्तेमाल आपको इस कदर व्यस्त कर देता है कि आप अपनी निजी जिंदगी पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। दूसरा, इसका हद से ज्यादा इस्तेमाल करने से दिमाग में कई सारी चीजों के देखने और सोचने का नजरिया बदलने लगता है। इतना ही नहीं एक समय के बाद आपके साथी को ऐसा लगने लगता है कि आप उन्हें समय नही दे पा रहे हैं। यहीं से एक अच्छा खासा रिश्ता खराब होना शुरू हो जाता है।
शक की वजह
कहा जाता है न कि दुनिया में हर मर्ज की दवा है सिवाय शक के। सोशल मीडिया का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करते रहने से रिश्तों में शक के बीज पड़ने शुरू हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर आप जितना ज्यादा वक्त बिताते हैं रिश्ते में नेगिटिविटी उतनी ही बढ़ती जाती है। कई बार ऐसा भी होता है कि इसी शक के कारण हमारा पार्टनर जासूसी तक करना शुरू कर देता है। दिमाग में कई तरह के नकारात्मक विचार आने लगते हैं, जिसे न तो हम खुलकर बोल पाते हैं न ही चाहकर छिपा पाते हैं, इस तरह से रिश्तों में दूरियों की शुरुआत हो जाती है।
आपके साथी की फोटो को कोई लाइक कर दे, उसके फोटो पर कोई कमेंट कर दे तो आपको जलन होने लगती है। इसपर होने वाले सवाल जबाब किसी भी रिश्ते को खराब करने के लिए काफी है। इसलिए अगली बार सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताने से पहले इस बातों का विशेष ध्यान रखें। यह भी ध्यान रखें कि रिश्ते वर्चुअल से ज्यादा निजी ही काम में आते हैं।