महाराष्ट्र: नागपुर में मतगणना के बीच भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता, वंजारी की जीत से बढ़ा सियासी संग्राम
नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने जीत दर्ज की है।मतगणना के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
विस्तार
चार राज्यों के विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस का खाता खुल गया। कड़े मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 3,271 वोटों से हराकर नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर फिर से जीत हासिल की। मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई और गुरुवार तड़के पूरी हुई। कांग्रेस ने मौजूदा विधान परिषद सदस्य वंजारी को उम्मीदवार बनाया था। उन्हें कुल 67,231 वोट मिले। वहीं, भाजपा ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को मैदान में उतारा था, जिन्हें 63,960 वोट मिले।
इसी बीच मतगणना के दौरान बुधवार देर रात भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। मनकापुर इंडोर स्टेडियम के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की।
कांग्रेस कार्यकर्ता का दावा- 2029 में भाजपा को सत्ता से हटाएगी Gen Z
मतगणना के दौरान राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने दावा किया कि 2029 के चुनाव में जेन जी देशभर से भाजपा को सत्ता से बाहर करने में अहम भूमिका निभाएगी। इस बयान के जरिए कार्यकर्ता ने आगामी लोकसभा चुनाव में युवा मतदाताओं की भूमिका को लेकर अपनी पार्टी का भरोसा जताया।
#WATCH | Nagpur, Maharashtra: A Congress worker said, "...in the upcoming 2029 elections, it will be the Gen Z that will oust the BJP from the entire country..." (28.10) https://t.co/4eS39un7nl
— ANI (@ANI) October 28, 2026
वहीं, भाजपा कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। उसने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ऐसी टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ऐसे बयानों का उचित जवाब देने में सक्षम है। उसने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा बनाए रखने की भी बात कही।
महाराष्ट्र की पांच विधान परिषद सीटों पर चुनाव
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए 23 अक्तूबर को मतदान हुआ था। बुधवार को घोषित चुनाव परिणामों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन की सहयोगी भाजपा और शिवसेना ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। वहीं, विपक्षी महाविकास अघाड़ी की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भी एक सीट पर जीत हासिल की।