यौनकर्मियों के पास जाने वाले पुरुषों के पास अक्सर ही अपने अपने तर्क होते हैं। कुछ अपने नीरस वैवाहिक जीवन से ऊबे हुए होते हैं तो कुछ एकाकी जीवन की नीरसता से हटने के लिए यौनकर्मियों के पास जाते हैं। कुछ के लिए सेक्स एक नशा की तरह होता है तो कुछ वैवाहिक ज़िंदगी की जटिलताओं से बचने के लिए ऐसा करते हैं। कुछ ऐसे पुरुष हैं जो सालों से एक ही यौनकर्मी के पास जाना पसंद करते हैं।
यौनकर्मियों के पास क्यों जाते हैं पुरुष?
यौनकर्मियों के पास जाने वाले पुरुषों की एक परम्परागत छवि उभरती है। लेकिन वे इसके लिए क्या तर्क देते हैं? फ्रेड और लॉरा पिछले छह वर्ष से एक दूसरे को जानते हैं। लेकिन फ्रेड लॉरा के साथ समय बिताने और सेक्स के लिए पैसे देते हैं। दोनों के बीच इस बात पर बहस भी होती है कि सेक्स के लिए पैसे देना कहां तक सही है? नौकरी से रिटायर हो चुके फ्रेड इंटरनेट पर लॉरा से मिले।
वे एक दूसरे से इतना घुल मिल गए हैं कि लॉरा कहती हैं, ''मेरे मिलने आने से पहले ही फ्रेड मेरे खाते में पैसा ट्रांसफ़र कर देते हैं।'' फ्रेड दूरदराज़ के एक ग्रामीण इलाक़े में रहते हैं और कई सालों से अपनी मां की देखभाल कर रहे हैं। वो कहते हैं कि उन्हें लोगों से मिलने का बहुत मौक़ा नहीं मिला, इसलिए उन्होंने सेक्स के लिए पैसा चुकाने का फ़ैसला किया।
वहीं, रॉबर्ट का सेक्स के लिए पैसा ख़र्च करने का कारण कुछ और ही है। कई साल से शादीशुदा रॉबर्ट कहते हैं, "मुझे सेक्स बहुत पसंद है और मेरी शादी ऐसी महिला से हुई है जिसे सेक्स तो दूर, गले लगना और चुंबन तक पसंद नहीं है। हालाँकि वह बहुत अच्छी जीवनसाथी हैं।"
वो कहते हैं, ''मैं इस विवाह को बनाए रखना चाहता था, इसलिए मेरे सामने एक ही चारा था कि इसके लिए पैसा चुकाया जाए।'' अब ग्राहम का बहाना या तर्क सुनिए। वो सेक्स के लिए पैसा चुकाना विवाह को बचाने का तरीक़ा मानते हैं।वो सोचते हैं कि यह रिश्तों की जटिलता से बचने का एक रास्ता हो सकता है।