पूर्व विदेश मंत्री स्वराज के निधन की खबर से हर कोई स्तब्ध है। हरियाणा की बेटी सुषमा स्वराज ने भारतीय राजनीति में ऐसे आयाम स्थापित किए जिनका हर कोई मुरीद है। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। वह 67 साल की थीं। जानिए पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पारिवारिक जीवन के बारे में।
सुषमा स्वराज का जन्म 14 फरवरी 1952 को हरियाणा के अंबाला में हुआ। सुषमा स्वराज बेहद शानदार, बेबाक और जबर्दस्त व्यक्तित्व की मंत्री होने के साथ-साथ बेहद संजीदा इंसान भी थीं। सुषमा स्वराज की पढ़ाई चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय से हुई थी। यहीं पर उनकी मुलाकात देश के सबसे युवा एडवोकेट जनरल से हुई थी। सुषमा और स्वराज की प्रेम कहानी पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के लॉ डिपार्टमेंट में शुरू हुई। वहां दोनों पहली बार मिले, मुलाकातों का दौर शुरू हुआ।
प्यार हुआ, परवान चढ़ा और दोनों ने शादी करने का फैसला ले लिया। सुषमा स्वराज के मां-बाप शादी के लिए राजी नहीं थे। सुषमा स्वराज के पति का नाम स्वराज कौशल है। 13 जुलाई 1975 को इनकी शादी हुई। वो दौर तब का था, जब बेटियों को पर्दे के पीछे रखा जाता था। प्रेम विवाह करना तो दूर, होने वाले दूल्हे की शक्ल भी नहीं दिखाई जाती थी। लेकिन सुषमा स्वराज ने हिम्मत दिखाई और जैसे-तैसे परिवार को मनाकर शादी की।
पति स्वराज कौशल सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील हैं। कौशल को महज 34 साल की उम्र में देश का सबसे युवा एडवोकेट जनरल बना दिया गया था। स्वराज कौशल 37 साल की उम्र में मिजोरम के गवर्नर भी बन गए थे। वे 1990 से 1993 तक उस पद पर रहे। अपने पीछे एक बेटी बांसुरी जो वकील हैं, पति स्वराज कौशल, बहन वंदना शर्मा और भाई डॉक्टर गुलशन शर्मा को छोड़ गयीं हैं सुषमा स्वराज जो उन्हें बेहद याद करेंगे। सुषमा स्वराज के भाई डॉ. गुलशन शर्मा अंबाला में स्थित एक आयुर्वेद चिकित्सक है। उनकी बहन वंदना शर्मा ने एमए और पीएचडी की है। वह राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर हैं, जो एसजीपीजी महिला महाविद्यालय में काम करती हैं, कॉलेज हरियाणा में स्थित है।
स्वराज प्रेम कहानी उनके कॉलेज के दिनों में शुरू हुई थी और नई पीढ़ी ने अटूट प्यार तब देखा जब सुषमा स्वराज ने कहा था कि वह सक्रिय राजनीति छोड़ना चाहती हैं क्योंकि वह अपने पति के साथ अधिक समय बिताना चाहती हैं। उनके पति, साथी वकील और दोस्त, स्वराज कौशल ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीता जब उन्होंने कहा "आपके किसी भी चुनाव को न लड़ने के फैसले के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मुझे याद है कि एक समय ऐसा भी आया था जब मिल्खा सिंह ने भी दौड़ना बंद कर दिया था।" 6 अगस्त को उनकी मृत्यु से कुछ दिन पहले, इस जोड़े ने 44 साल की शादी का जश्न मनाया था।