अनीता शर्मा
Relationship Tips: फोन बना सकता है रिश्तों को मजबूत, जानिए कैसे
कॉल रिसीव न करना
विशेष परिस्थितियों को छोड़ दें तो आपका मोबाइल फोन ही है, जो हमेशा आपके पास रहता है। ऐसे में यदि कोई रिश्तेदार या परिचित आपको कॉल करता है और आप उसे रिसीव नहीं करती हैं तो यह एक बार तो चल जाएगा, लेकिन अगर आप बार-बार ऐसा करेंगी और कॉल को इग्नोर करने लगेंगी तो कॉलर इसे अशिष्ट मानेगा, जो कि स्वाभाविक भी है। ऐसी स्थिति आपके और कॉल करने वाले व्यक्ति के बीच संबंधों को खराब करा सकती है। इसलिए जरूरी है कि आप कॉल रिसीव करें। अगर किसी वक्त रिसीव न कर पाएं तो कॉल बैक करके यह जरूर पूछ लें कि क्या बात थी। इससे आपके रिश्ते खराब होने से बच जाएंगे।
चुपके से मोबाइल चेकिंग
आमतौर पर महिलाएं अपने पति और पति अपनी पत्नी का मोबाइल चुपके से चेक करते हैं। वे शक की वजह से भी ऐसा करते हैं और यूं ही भी, ताकि देख पाएं कि किसे कॉल या मैसेज किए गए हैं। यह स्थिति भी रिश्तों को खराब कर सकती है। मोबाइल चेक करते देखे जाने या बाद में पता लगने पर आपके रिश्ते खराब हो सकते हैं। इसलिए बेहतर यही है कि चुपके से मोबाइल चेक न करें, भले ही वह कोई भी हो। अगर देखना हो तो मांग करके मोबाइल चेक करें।
बिना पूछे नंबर न दें
बहुत बार ऐसा होता है कि आप किसी का भी नंबर किसी को भी दे देती हैं। इससे कॉल जाने पर संबंधित व्यक्ति को असुविधा हो सकती है और यह जानने पर कि उसका नंबर आपने दिया है, आपके उससे रिश्ते खराब हो सकते हैं। इसलिए बिना पूछे किसी का नंबर किसी अन्य व्यक्ति को शेयर न करें, जब तक कि ऐसा करना बहुत जरूरी न हो।
किसी अन्य से बात
आपको किसी ने कॉल की और अगर आप खुद बात न करके अपने घर के किसी अन्य सदस्य से कॉल रिसीव करा देती हैं तो यह स्थिति अच्छी नहीं मानी जाती। इससे कॉल करने वाला व्यक्ति आपसे बात न होने पर नाराज हो सकता है और आपके रिश्ते में खटास पैदा हो सकती है। कॉल भले ही कोई भी रिसीव करे, लेकिन आप बात तो कर ही सकती हैं।