Marriage Tips : शादी के बाद लड़के और लड़की के जीवन में काफी बदलाव आ जाता है। एक लड़की शादी के बाद अपने परिवार और घर को छोड़ पति के घर में रहना शुरू करती है। लड़की को अपने पति के परिवार को अपनाना होता है। अपने घर से दूर ससुरालीजनों के साथ तालमेल बिठाना पड़ता है। एक लड़की के लिए अपने परिवार को छोड़ किसी दूसरे परिवार में एडजस्ट होना आसान नहीं होता। ससुराल के लोगों की पसंद, नापसंद और उनके व्यवहार से वह अनजान होती है। कई बार लड़कियां पति के ससुराल के करीब आ जाती हैं, तो वहीं कई बार नई दुल्हन को ससुरालवालों के साथ घुलने मिलने में दिक्कत आती है। एक महिला अपने पति के भरोसे ससुराल आती है, ऐसे में पति का फर्ज बनता है कि वह पत्नी को परिवार में आसानी से शामिल करने के लिए कुछ जरूरी काम करें। यहां पुरुषों के लिए टिप्स हैं जिसे अपनाकर वह शादी के बाद पत्नी के लिए ससुराल में रहना आसान बना सकते हैं।
Marriage Tips: शादी के बाद हर पति को करने चाहिए ये काम, पत्नी के लिए ससुराल को अपनाना हो जाएगा आसान
पत्नी को बताएं परिवार के बारे में
हर पति को चाहिए कि वह शादी के बाद पत्नी को अपने परिवार के बारे में बताएं। पत्नी परिवार में घुल-मिल सके, इसके लिए अपने माता-पिता के स्वभाव, उनकी पसंद न पसंद की जानकारी दें। इससे दुल्हन के लिए परिवार को समझना आसान हो जाता है।
घर का रूटीन बताएं
पत्नी जब शादी के बाद पति के घर पर आती है तो उसे अपने परिवार से अलग बदला हुआ माहौल मिलता है। उसे पता नहीं होता कि ससुराल के सदस्यों का रहन-सहन कैसा है। हो सकता है कि अपने घर पर वह देर से उठती हो या ससुराल में सभी जल्दी उठने वालों में से हों। ऐसे में पति को पत्नी को घर के रूटीन के बारे में बताना चाहिए। सबके नाश्ते या लंच का समय क्या है, ये सब बताएं ताकि वह परिवार के समय के मुताबिक खुद को ढाल सके।
पत्नी की पसंद जानें
ससुराल के बारे में पत्नी को बताने के साथ ही पत्नी की पंसद और रहन-सहन को भी जानें। पति जब पत्नी के स्वभाव और रहन-सहन को समझ जाता है तो उसी के मुताबिक, परिवार से पत्नी का तालमेल बिठाने का प्रयास कर सकता है।
अपनापन
पति पत्नी और अपने परिवार के बीच की कड़ी होता है। पत्नी शादी के बाद ससुराल में एडजस्ट कर सके, इसके लिए पति को प्रयास करना चाहिए कि पत्नी ससुराल में अकेलापन महसूस न करें। अपने भाई-बहनों के साथ पत्नी की दोस्ती कराएं। कहीं बाहर साथ घूमने जाएं। जब पति के साथ ही ससुरालवालों के साथ लड़की घूमने जाती है तो वह उनके साथ घुल-मिल पाती है।