परिवार को साथ देखना कितना अच्छा लगता है लेकिन परिवार के विभिन्न सदस्यों के बीच संतुलन बनाए रखना एक महत्वपूर्ण काम है। कई बार परिवार में रहने वाले सदस्य ऐसी गलतियां कर देते हैं कि जिससे रिश्तों पर प्रभाव पड़ता है। छोटे ही नहीं बड़ों से भी ऐसी गलतियां होती रहती हैं। परिवार में यदि आप रहते हैं तो ऐसा नहीं है कि कुछ भी कह लिया, कर लिया और अपने रास्ते चले। परिवार में आपको सबका ख्याल रखना होता है, ऐसे में जरूरी है कि आप खुद पर ध्यान दें कि आप कहीं ऐसा कुछ तो नहीं कर रहे हैं जो कि आपके रिश्तों को प्रभावित करता हो। अगली स्लाइड्स से जानिए परिवार में रहते हुए क्या नहीं करना चाहिए।
सलाह: परिवार में रह रहे हैं तो न करें ये काम, बिगड़ जाएंगे रिश्ते
पीठ पीछे बातें करना
यदि आप एक ही परिवार में रहते हुए सभी को समान रूप से नहीं देख सकते हैं, एक सदस्य की बात दूसरे सदस्य से करते हैं तो यह अच्छी बात नहीं है, साथ ही आगे चलकर यदि उन दो लोगों ने आपकी बातें आमने- सामने कर ली तो आपके लिए भी समस्या खड़ी हो जाएगी। आप अपना सम्मान तो खो ही दोगे, साथ ही रिश्ते भी बिगड़ जाएंगे और परिवार में इस तरह की चीजें न ही हो तो बेहतर है।
छोटे-बड़ों का अपमान न करें
यदि आप बड़े हैं और छोटे आपका सम्मान करते हैं तो आपको भी अपने छोटों को सम्मान और प्रेम देना होगा। यदि आप उनका जब चाहे तब अपमान करेंगे तो उनकी नजरों में आपका सम्मान ही कम होगा। साथ ही यदि बड़ों की कोई बात गलत लगती हो तो बाद में उस विषय पर आप उनसे बात कर सकते हैं पर परिवार के अन्य सदस्यों के सामने उन्हें अपमानित करना कोई अच्छी बात नहीं है। यह उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाएगा।
‘मैं’ की भावना न लाएं
परिवार में ‘मैं’ जैसा कुछ नहीं होता है। परिवार हम को लेकर चलता है। ऐसे में यदि कोई मैं को बढ़ावा देगा और अपनी ही अपनी बात मनवाने का प्रयास करेगा तो परिवार में स्वस्थ चर्चाएं, विचार-विमर्श होना बंद हो जाएंगे। सिर्फ मैं की भावना और घमंड रिश्तों पर हावी होने लगेगा तो आगे चलकर लड़ाइयां ही होंगी।
घर- परिवार में यदि कोई बात आपको ठीक नहीं लगती है तो आप सामने से कह सकते हैं यो उस विषय में सही समय पर संबंधित व्यक्ति से बात कर सकते हैं। यदि बात का फिर भी हल न निकल रहा हो तो आप किसी बड़े से उसका हल मांग सकते हैं लेकिन बात-बात पर ताने मारना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। भले ही आप बड़े क्यों न हों लेकिन यह व्यवहार परिवार में ठीक नहीं है। ऐसा करने से कोई भी बात बढ़ेगी ही उसका समाधान नहीं निकलेगा और रिश्ते खराब हो जाएंगे।