लॉकडाउन के कारण सारे रेस्टोरेंट वगैरह बंद है। हालांकि अब धीरे-धीरे चीजों को खोलने की अनुमति मिल रही है। लेकिन वायरस के संक्रमण से बचकर रहना हर किसी की जिम्मेदारी है। अगर आप नॉन वेज के शौकीन है तो आपको चिकन की खूब याद आ रही होगी। तो आज हम लेकर आए हैं आसानी से बन जाने वाला स्वीट चिकन, जिसे आप चुटकियां बजाते ही तैयार कर लेंगे। और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद आएगा। तो चलिए जानें इसे बनाने की रेसिपी।
लॉकडाउन रेसिपी: बड़े ही आसानी से तैयार हो जाएगा खट्टा-मीठा चिकन, ये रही बनाने की विधि
चिकन की तो बहुत सारी डिशेज होती हैं। चिकन करी, अफगानी चिकन, चिकन फ्राई लेकिन इन सब का स्वाद तो आपने कभी न कभी तो लिया ही होगा। लेकिन स्वीट चिकन बनाने के बाद बस इसी का स्वाद याद रह जाएगा। तो चलिए जानें बनाने का तरीका।
आधा किलो चिकन, दो बारीक कटा प्याज, आधा चम्मच हल्दी, नमक स्वादानुसार, आधा चम्मच अदरक का पेस्ट, लहसुन का पेस्ट, गरम मसाला, तेजपत्ता, नींबू का रस, काली मिर्च, धनिया पाउडर, दूध, चीनी, तेल, दो अंडा, एक कप मैदा।
सबसे पहले चिकन को अच्छे से साफ कर अलग रख लें। अब एक बर्तन में अंडे को तोड़कर उसमे दूध डाल कर मिक्स कर लें। साथ ही किसी दूसरे बर्तन में मैदा लेकर उसमें काली मिर्च, नमक, अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर मिला लें।
सारे मिश्रण को एक साथ मिलाकर रख लें। अब इसमें चिकन के सारे टुकड़ों को डालकर मिला लें और इसे एक तरफ रख दें। अब एक दूसरी कढ़ाही में तेल गर्म करें और मिश्रण में डूबे हुए चिकन को सुनहरा होने तक धीमी आंच पर तल लें। साथ में एक पैन में तेल जब हल्का गर्म हो जाए तो इसमें प्याज भून लें और चीनी के साथ नींबू का रस डालकर पका लें। इस मिश्रण में फ्राई किए हुए चिकन को डालकर पकने के लिए छोड़ दें। पांच से सात मिनट बाद गैस बंद कर दीजिए। तैयार है आपका स्वीट चिकन, अब आप इसे गर्मागर्म परोसें।